शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी डिपुओं से सस्ता राशन लेने वाले लाखों उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के डिपुओं में राशन की बिक्री बंद हो जाएगी। इसे लेकर खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी डिपो धारकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। 

25 नवंबर को बंद हो जाएगी राशन की बिक्री

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से नवंबर महीने के लिए डिपो धारकों को नए निर्देश जारी किए गए हैं। इन आदेशों के मुताबिक, सभी डिपो धारकों को 25 नवंबर को राशन की बिक्री बंद करनी होगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : डैम के पास पुलिस ने दबोचा तस्कर, बैग से मिली लाखों की चरस- बड़े नेटवर्क से कनेक्शन...

 

बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से डिपो संचालकों को नई पॉश मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों का ट्रायल किया जाना है, जिसके चलते बिक्री बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं को अभी तक राशन नहीं मिला है, उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।

कई जिलों में अभी तक नहीं पहुंचा राशन

प्रदेश के कई जिलों में डिपुओं तक नवंबर महीने का राशन अभी तक नहीं पहुंचा है। ऐसे में उपभोक्ता राशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, डिपो संचालकों को भी समय पर राशन बांटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीते गुरुवार को सर्वर में आई परेशानी के कारण भी लोगों को राशन लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। मशीनों में तकनीकी दिक्कत और राशन की सप्लाई में देरी के चलते लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 4 महीने पहले ही पहनी थी सेना की वर्दी, अब तिरंगे में लिपटी घर पहुंची अग्निवीर अक्षय की देह

प्रदेश में साढ़े 19 लाख राशन कार्ड धारक

हिमाचल प्रदेश में करीब 5300 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हर महीने लोगों को सस्ता राशन दिया जाता है। इन डिपुओं से प्रदेश के करीब साढ़े 19 लाख राशन कार्ड धारक लाभ उठाते हैं। ऐसे में अगर 25 नवंबर को बिक्री बंद हो जाती है और उससे पहले राशन की सप्लाई नहीं पहुंचती है, तो बड़ी संख्या में उपभोक्ता इस महीने राशन लेने से वंचित रह सकते हैं।

पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प देने की मांग

प्रदेश डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष अशोक कवि ने बताया कि अभी तक प्रदेश के अधिकतर डिपुओं में निगम के गोदामों से राशन की सप्लाई नहीं पहुंची है। कई जिलों में लेबर की कमी के कारण भी राशन पहुंचाने में देरी हो रही है। उन्होंने खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और प्रदेश सरकार से मांग की है कि नई पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प दिया जाए।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार हिमाचल में लगाने जा रही नया टैक्स, विधानसभा में पारित हुआ बिल; जानें डिटेल

अगले महीने भी मिल सके राशन, सरकार से उठाई मांग

अशोक कवि का कहना है कि पॉश मशीनों में बैकलॉग का विकल्प होने से जिन उपभोक्ताओं को इस महीने राशन नहीं मिल पाएगा, उन्हें अगले महीने राशन दिया जा सकेगा। इससे लोगों का राशन बर्बाद नहीं होगा और उन्हें अपने हक का सस्ता राशन मिल सकेगा। अब देखना होगा कि विभाग और प्रदेश सरकार डिपो संचालकों की इस मांग पर क्या फैसला लेते हैं।