शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी ओर राजधानी शिमला में रविवार को जुलाई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कें बंद होने की आशंका जताई है।
गर्मी ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
रविवार को शिमला में मौसम ने अचानक करवट बदली। दिन का तापमान एक ही दिन में 5 डिग्री बढ़कर 27.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह 1 जुलाई 2021 (28.6°C) के बाद जुलाई महीने का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले कुछ वर्षों की बात करें तो जुलाई में सबसे ज्यादा तापमान 2025 में 27.2°C, 2024 में 26.6°C, 2023 में 25.5°C और 2022 में 26°C दर्ज किया गया था।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा दावा- कई BJP विधायक कांग्रेस में आने को तैयार, जल्द थाम सकते हैं हाथ
पूरे हिमाचल में बढ़ा तापमान
सिर्फ शिमला ही नहीं, पूरे हिमाचल में रविवार को दिन का तापमान 3 से 7 डिग्री तक बढ़ गया। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सेऊबाग में 7.4 डिग्री दर्ज की गई। इसके अलावा केलंग में 6.6, भुंतर में 6.2, कांगड़ा और मनाली में 5.6, जबकि शिमला और बिलासपुर में 5-5 डिग्री तापमान बढ़ा।
तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 6 जुलाई को कांगड़ा, ऊना और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चंबा, मंडी और शिमला के लिए यलो अलर्ट रखा गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की इस पंचायत का सराहनीय फैसला, सरेआम नशा करने वालों को नहीं मिलेगा "चरित्र प्रमाण-पत्र"
7 और 8 जुलाई को भी कई जिलों में बारिश का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 जुलाई को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों के लिए एडवाइजरी, नदियों-नालों से रहें दूर
भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़कें बंद होने और बिजली-पानी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बारिश के दौरान नदियों और नालों के पास जाने से बचें और जरूरी होने पर ही यात्रा करें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नशा तस्कर महिला की दबंगई देख दंग रह गई पुलिस, हिरासत में लेकर पहुंचाई थाने
जुलाई में सामान्य से 63% ज्यादा बारिश
जुलाई की शुरुआत में ही हिमाचल में अब तक 44.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 63 फीसदी ज्यादा है। हालांकि लाहौल-स्पीति, बिलासपुर और हमीरपुर में अभी भी सामान्य से 2 से 12 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
किन्नौर में सामान्य से 248% अधिक
इस सीजन में सबसे ज्यादा बारिश कांगड़ा में 101.5 मिलीमीटर दर्ज हुई है, जो सामान्य से 68 फीसदी अधिक है। वहीं किन्नौर में 22 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 248 फीसदी ज्यादा दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा दावा- कई BJP विधायक कांग्रेस में आने को तैयार, जल्द थाम सकते हैं हाथ
घमरौर में सबसे ज्यादा बरसे बादल
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा बारिश कांगड़ा के घमरौर में 84.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा धर्मशाला में करीब 40 मिलीमीटर और श्री नैनादेवी जी में 28 मिलीमीटर बारिश हुई। रविवार सुबह शिमला में तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदल गया। शिमला में 4 मिलीमीटर और कांगड़ा में 2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
