शिमला। हिमाचल प्रदेश में आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाले दूध, दही और पनीर के दाम बढ़ गए हैं। वेरका, अमूल और मदर डेयरी के बाद अब कामधेनु हितकारी मंच ने भी अपने उत्पाद महंगे कर दिए हैं। इसके चलते अब लोगों को दूध के पैकेट से लेकर पनीर और दही तक खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
एक लीटर दूध अब 70 रुपए में मिलेगा
कामधेनु हितकारी मंच ने व्यासधेनु दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। अब एक लीटर दूध का पैकेट 66 रुपए के बजाय 70 रुपए में मिलेगा। वहीं, 500 ग्राम वाले पैकेट की कीमत 33 रुपए से बढ़ाकर 35 रुपए कर दी गई है। इसके अलावा डबल टोंड मिल्क (DTM) भी 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 2-2 सरकारी आवास पर कुंडली मार कर बैठे हैं 22 अधिकारी, 38 ने रिटायर होने के बाद..
पनीर के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी
दूध के साथ पनीर खरीदना भी अब महंगा हो गया है। कामधेनु ने पनीर की कीमत में 50 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया है। पहले जो पनीर 350 रुपए किलो मिलता था, अब उसके लिए 400 रुपए चुकाने होंगे। इससे घरों में रोजाना पनीर इस्तेमाल करने वाले लोगों का बजट भी बढ़ेगा।
दही के लिए भी खर्च करने होंगे ज्यादा पैसे
दही की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले एक किलो दही 100 रुपए में मिलता था, लेकिन अब इसके लिए 120 रुपए देने होंगे। यानी दही 20 रुपए प्रति किलो महंगा हो गया है। कामधेनु हितकारी मंच के मुताबिक, हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में दूध की कीमत मैदानी इलाकों के मुकाबले 2 रुपए प्रति लीटर ज्यादा रहेगी।
यह भी पढ़ें : जयराम सरकार के कार्यकाल की खुलेगी फाइलें! BJP के कथित भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र लाएगी सुक्खू सरकार
हिमाचल में कामधेनु के दो प्लांट
कामधेनु हितकारी मंच के हिमाचल प्रदेश में दो प्लांट हैं। इनमें बिलासपुर के नम्होल प्लांट की रोजाना दूध उत्पादन क्षमता 30 हजार लीटर है, जबकि सोलन के हरिपुर प्लांट में प्रतिदिन 15 हजार लीटर दूध तैयार किया जा सकता है। संस्था से करीब 5 हजार पशुपालक परिवार जुड़े हुए हैं। ये परिवार संस्था को दूध उपलब्ध करवाते हैं, जिसे बाजार में बेचा जाता है। कामधेनु का दूध हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में सप्लाई किया जाता है।
