कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के ज्वालामुखी स्थित शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान इस बार श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। देशभर से लाखों की संख्या में भक्त माता के दर्शन करने पहुंचे और पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। नवरात्रि के इन आठ दिनों में करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई, जबकि मंदिर को लगभग 82 लाख रुपये का चढ़ावा भी प्राप्त हुआ।
ज्वालामुखी मंदिर में उमड़ी भीड़
नवरात्रि शुरू होते ही ज्वालामुखी मंदिर में भक्तों का आना लगातार बढ़ता गया। सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लोग घंटों इंतजार करके माता के दर्शन करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा और हर तरफ भक्ति और आस्था का अलग ही नजारा देखने को मिला।
यह भी पढ़ें : 2027 के फाइनल के लिए टीम सुक्खू तैयार, अनुभव व यूथ में तालमेल बिठाने की कोशिश- देखें लिस्ट
देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, आस्था का उमड़ा सैलाब
पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली सहित कई राज्यों से श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे। कई भक्त ऐसे भी थे जो अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद दंडवत करते हुए मंदिर पहुंचे और माता का आशीर्वाद लिया। कुछ श्रद्धालु अपने परिवार के साथ तो कुछ अकेले ही लंबा सफर तय कर यहां पहुंचे, लेकिन सभी के चेहरे पर माता के दर्शन की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
नवरात्रि में विशेष पूजा और अनुष्ठान
मंदिर प्रशासन के अनुसार, नवरात्रि के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान से माता की पूजा की गई। मंदिर के पुजारी कपिल मुनि शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के ये दिन माता की आराधना के लिए बेहद खास माने जाते हैं, इसलिए हर साल यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पहले की दोस्त की ह*त्या, फिर गड्ढा कर दफना दिया श*व- शातिर आरोपी गिरफ्तार
8 दिनों में 82 लाख चढ़ावा, ढाई लाख श्रद्धालु पहुंचे
मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इन आठ दिनों में मंदिर में करीब 82 लाख रुपये का चढ़ावा चढ़ा है। साथ ही करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं ने माता ज्वालामुखी के दर्शन किए हैं, जो इस बार अच्छी संख्या मानी जा रही है।
भक्तों के लिए बेहतर इंतजाम, व्यवस्था रही सुचारू
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने पहले से ही विशेष इंतजाम किए थे। सुरक्षा, पानी, लाइन व्यवस्था और सफाई जैसी सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया। इन व्यवस्थाओं की वजह से दर्शन की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही और भक्तों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं ताकि भीड़ को संभाला जा सके और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के 5 जिलों में दो दिन ओलावृष्टि-अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट, 3 अप्रैल तक सताएगा मौसम
नवरात्रि में भक्तिभाव और रौनक का माहौल
नवरात्रि के दौरान ज्वालामुखी मंदिर में हर दिन एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। सुबह की आरती से लेकर रात की पूजा तक मंदिर में भक्तों की आवाजाही लगातार बनी रही। दुकानों और आसपास के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली, जिससे स्थानीय कारोबारियों को भी फायदा हुआ।
