शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा अधिकारियों को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल लगातार तेज होती जा रही है। बयान के बाद जहां सुक्खू सरकार के अंदर ही मतभेद खुलकर सामने आए, वहीं अब विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में उनके समर्थक भी सड़कों पर उतरते दिख रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह भी विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में सामने आई हैं।
मंत्री विक्रमादित्य को मिली समर्थन
सोमवार को यह समर्थन शिमला स्थित उनके आवास हॉलीलॉज पर साफ तौर पर देखने को मिला। युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा नेता और कार्यकर्ता होलीलॉज पहुंचे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 10वीं पास को मिलेगी सरकारी नौकरी : भरे जाएंगे 500 पद- यहां जानें पूरी डिटेल
अकेले नहीं हैं विक्रमादित्य सिंह
समर्थकों ने एक स्वर में कहा कि विक्रमादित्य सिंह अकेले नहीं हैं, बल्कि उनके साथ पूरा प्रदेश और खासकर युवा वर्ग मजबूती से खड़ा है। युवाओं का कहना था कि विक्रमादित्य सिंह ने जो भी कहा, वह प्रदेश के हितों को ध्यान में रखकर कहा गया है और इसे गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
बेवजह दिया जा रहा तूल
यदुपति ठाकुर ने साफ किया कि हॉलीलॉज पर जुटी भीड़ किसी बुलावे या आयोजन का नतीजा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से युवा स्वयं अपने नेता के समर्थन में पहुंचे हैं। उनका कहना था कि मंत्रियों के बीच बयानबाजी को बेवजह तूल दिया जा रहा है, जबकि यह कैबिनेट के भीतर का आंतरिक मामला है, जिसे पार्टी और सरकार के स्तर पर ही सुलझाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की योजनाओं में बड़ा खेल : 42 हजार मृत और फर्जी लोग भी ले रहे पैसा, रिपोर्ट ने उड़ाए होश
निकल सकता है मतवेदों का समाधान
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री और अन्य सभी कैबिनेट मंत्रियों का उतना ही सम्मान करते हैं, जितना विक्रमादित्य सिंह का। यदुपति ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अनुशासन में विश्वास रखती है और आपसी मतभेदों का समाधान संवाद से निकल सकता है।
क्या बोलीं प्रतिभा सिंह?
वहीं, कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह भी खुलकर विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह एक परिपक्व और वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें भली-भांति पता है कि कब, कहां और किस मुद्दे पर क्या कहना है। प्रतिभा सिंह ने संकेत दिए कि उनके बयान को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय उसके भाव और संदर्भ को समझने की जरूरत है।
उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर कोई भी कुछ भी बोल रहा है, लेकिन हम CM सुक्खू के साथ हैं। वहीं, मंत्री विक्रमादित्य का कहना है कि CM सुक्खू जो भी आदेश देंगे हम उसे स्वीकार करेंगे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट की बैठक आज- नए मंत्री के नाम पर होगी चर्चा, एक की छुट्टी भी तय
सियासी पारा अचानक बढ़ा
गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े अधिकारियों को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सियासी पारा अचानक चढ़ गया था। उनके बयान पर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी और अनिरुद्ध सिंह की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं, जिससे कांग्रेस के भीतर मतभेद खुलकर उजागर हो गए। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए विक्रमादित्य सिंह को अपने विभागीय कार्यों पर फोकस रखने की नसीहत दी थी।
हॉलीलॉज में समर्थकों की मौजूदगी
अब हॉलीलॉज पर समर्थकों की मौजूदगी के बाद यह साफ हो गया है कि मामला सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सियासी समर्थन और शक्ति प्रदर्शन का रूप ले चुका है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : होम स्टे में 2 युवकों संग पकड़ी गई युवती- जेब से मिला चिट्टा, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
कैसे संभलेगी ये खींचतान?
लोगों का कहना है कि वीरभद्र सिंह परिवार के प्रति लोगों की भावनाएं और निष्ठा एक बार फिर सामने आई हैं। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस अंदरूनी खींचतान को किस तरह संभालता है और क्या यह मामला यहीं शांत होता है या फिर प्रदेश की राजनीति में और बड़ा मोड़ लेता है।
