शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकप्रिय जननेता वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित चवरख (चातुर्वार्षिक श्राद्ध) आज 24 जून को रामपुर स्थित पदम पैलेस में आयोजित हो रहा है। इस मौके पर वीरभद्र समर्थक, स्थानीय जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में उमड़ने की संभावना है। चवरख आयोजन को लेकर रामपुर में बीते कई दिनों से गहमागहमी का माहौल है।

राज्यपाल से लेकर सीएम तक पहुंचेंगे पदम पैलेस

इस श्रद्धांजलि समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान समेत कई मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। हालांकि, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री घर पर चल रही भागवत कथा के चलते शामिल नहीं हो पाएंगे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून की चाल सुस्त : कई जिलों में अलर्ट के बाद भी नहीं बरसे बादल, जानें नया अपडेट

पूर्व सीएम की स्मृति में रक्तदान शिविर

वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए चवरख से एक दिन पहले ब्लॉक कांग्रेस रामपुर की ओर से पदम महल परिसर में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। यह आयोजन केवल एक धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि जनता के लिए सेवाभाव से जुड़ा प्रतीक बनकर सामने आया है।

प्रशासन ने कसी कमर, ट्रैफिक प्लान तैयार

वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन ने रामपुर शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 24 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी और हल्के वाहनों को वजीर बावड़ी से वाया झाकड़ी होकर डायवर्ट किया जाएगा। एनएच-5 पर मुख्य शहर में वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। वीवीआईपी काफिलों के लिए विशेष पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने इस दिन बुलाई कैबिनेट बैठक, इन खास एजेंडों पर हो सकती है चर्चा; जानें डिटेल

राजा साहब को याद करेंगे कई लोग

इस चवरख में न सिर्फ कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक स्तर पर शक्ति प्रदर्शन की झलक दिखेगी, बल्कि वीरभद्र सिंह की स्मृतियों, उनके योगदान और हिमाचल में उनकी गहरी पैठ को फिर से याद किया जाएगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें