शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सियासी माहौल काफी गर्म नजर आया। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और विधायकों ने विधानसभा पहुंचने से पहले जोरदार प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे विधानसभा 

बता दें कि यह प्रदर्शन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में किया गया। भाजपा विधायक दल के सदस्य हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार पर माफिया राज को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नहीं मिल रहा सिलेंडर : विधानसभा में विधायकों के लिए लकड़ियों पर बन रहा खाना

प्रदेश में बढ़ रहे हैं माफिया राज 

जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज प्रदेश में अलग-अलग तरह के माफिया सक्रिय हो चुके हैं और यह सब सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ड्रग माफिया, खनन माफिया, वन माफिया, कबाड़ माफिया और शराब माफिया लगातार सक्रिय हैं, जिससे आम जनता को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

300 से ज्यादा पेड़ों को काटने का उठाया मुद्दा

उन्होंने सिरमौर जिले का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां 25 पेड़ काटने की अनुमति ली गई थी, लेकिन हकीकत में 300 से ज्यादा पेड़ों को काट दिया गया। उन्होंने इसे बड़ी लापरवाही और नियमों की अनदेखी बताया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पीलिया का कहर : एक ही क्षेत्र के 210 लोग चपेट में आए- 19 वर्षीय नवविवाहिता की मौ*त

 फायरिंग की घटनाओं का भी किया जिक्र 

इसके अलावा जयराम ठाकुर ने ऊना और बद्दी में हो रही फायरिंग की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उनका कहना था कि पहले कभी हिमाचल में इस तरह की स्थिति नहीं देखी गई।

 

ब्यास नदी में फेंक दी लकड़ियां 

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन के बाद प्रदेश में माफिया गतिविधियां और ज्यादा बढ़ गई हैं। उन्होंने मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी मात्रा में लकड़ी जमा की गई थी, जबकि इसकी अनुमति भी नहीं ली गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच से बचने के लिए बाद में लकड़ी को ब्यास नदी में फेंक दिया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के कांग्रेस नेता को भेजा तिहाड़ जेल, PM मोदी से जुड़ा है मामला

सदन के अंदर भी उठेंगे मुद्दे

भाजपा नेताओं ने साफ तौर पर कहा कि वे इस मुद्दे को सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि विधानसभा के अंदर भी मजबूती से उठाएंगे। उनका कहना है कि जब तक प्रदेश में कानून व्यवस्था ठीक नहीं होती और माफिया पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें