कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में आगामी नगर निगम, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों की आहट के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल इन चुनावों को जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजपा ने प्रदेश के सबसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिला कांगड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें सांसद अनुराग ठाकुर पूर्व सीएम जयराम ठाकुर सहित शीर्ष नेताओं ने चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया।
यह बैठक कांगड़ा के मटौर स्थित भाजपा विधायक पवन काजल के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। इनमें डॉ राजीव भारद्वाज, विक्रम ठाकुर, रविंद्र रवि, अरुण कुक्का और जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई दिग्गज शामिल थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया, घर के पास मिली महिला की देह; शराब ने उजाड़ा परिवार
बंद कमरे में एक घंटे चली बैठक
बंद कमरे में लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों पर कब्जा जमाना था, जहां वर्तमान में कांग्रेस सत्ता में है। इन दोनों नगर निगमों में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रभारी पवन काजल और जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा से फीडबैक लिया।
अनुराग ठाकुर का बूथ स्तर पर जोर
बैठक में सांसद अनुराग ठाकुर ने चुनाव प्रचार को बूथ स्तर तक ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम में जीत के लिए हर बूथ पर पार्टी की मजबूत पकड़ होना जरूरी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाएं। अनुराग ठाकुर ने पार्टी के भीतर एकजुटता पर भी जोर दिया। उन्होंने धर्मशाला में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं से नामांकन वापस लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी हित सबसे ऊपर है और सभी को मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दामाद के साथ बाइक पर निकली थी सास, अचानक हो गई अनहोनी; थमी सांसें
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर करने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह और बेरोजगारों को स्थायी रोजगार न मिलने जैसे मुद्दों को उठाकर कांग्रेस सरकार को घेरने की बात कही। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और आगामी चुनावों में जनता उन्हें सबक सिखाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर.घर जाकर जनता को कांग्रेस सरकार की सच्चाई बताएं।
यह भी पढ़ें : HRTC बस में 13 साल के लड़के से मिला 80 लाख का चिट्टा : अमृतसर से रिश्तेदार ने दिया था बैग
राहुल गांधी के दौरे से एक दिन बाद भाजपा ने की बैठक
भाजपा की यह बैठक कांगड़ा जिला में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की हिमाचल कांग्रेस नेताओं के साथ हुई बैठक के ठीक एक दिन बाद आयोजित की गई। राहुल गांधी ने अपनी बैठक में कांग्रेस नेताओं से आगामी चुनावों को लेकर चर्चा की थी और उन्हें एकजुट होकर लड़ने की सलाह दी थी। भाजपा ने राहुल गांधी की बैठक के ठीक एक दिन बाद अपनी रणनीति बनाकर स्पष्ट कर दिया है कि वह आगामी चुनावों को लेकर गंभीर है और कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। कांगड़ा जिला में भाजपा की यह बैठक कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में रोचक हुआ चुनाव : एक ही घर से दो दावेदार, पति-पत्नी मैदान में उतरे...कौन जीतेगा?
जिला परिषद चुनावों के लिए बनी रणनीति
बैठक में जिला परिषद चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए भी चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें चुनाव प्रचार में सक्रिय होने के लिए कहा गया। जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों से पार्टी के उम्मीदवार जल्द ही घोषित किए जाएंगे। उन्होंने इस बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की चाय पर चर्चा बताया, जिसमें आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें
