मंडी। हिमाचल प्रदेश में मंडी–जालंधर राष्ट्रीय उच्च मार्ग (एनएच) के निर्माण में आ रही खामियों को लेकर धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर द्वारा चल रहा आमरण अनशन मंगलवार को खत्म हो गया। यह निर्णय उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के हस्तक्षेप के बाद लिया गया।
जूस पिलाकर अनशन समाप्त
बतौर रिपोर्टर्स, बीती सोमवार रात धर्मपुर क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के चलते हालात गंभीर हो गए थे। इसी के चलते मंगलवार सुबह उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री स्वयं अवाह देवी चौक पहुंचे और उन्होंने विधायक चंद्रशेखर को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवाया।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य की ठेकेदारों को चेतावनी: चयनित स्थलों पर डंप करें मलबा, वरना रद्द होगा लाइसेंस
अनशन खत्म होने के बाद उप मुख्यमंत्री ने विधायक की भावनाओं को समझने और आंदोलन को स्थगित करने के लिए उनका आभार जताया।
विधायक ने दी चेतावनी
वहीं, विधायक चंद्रशेखर ने भी उप मुख्यमंत्री, स्थानीय लोगों, समर्थकों, सहयोगियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल आंदोलन को विराम दिया गया है क्योंकि हमारी प्रमुख मांगों को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने लिखित रूप में मान लिया है। विधायक चंद्रशेखर ने चेतावनी दी कि यदि NHAI की ठेकेदार कंपनी आगे भी खामियां छोड़ती है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें :हिमाचल: मलबे में मिली सास-बहू और पोते की देह, मां से लिपटा मिला 8 माह का मासूम
उन्होंने बताया कि सोमवार रात हुई भारी बारिश और बाढ़ से धर्मपुर बस स्टैंड, आसपास के घरों-दुकानों और सरकारी व निजी वाहनों को नुकसान हुआ है। इस आपदा की भयावहता देखकर उन्होंने मजबूरीवश अपना आमरण अनशन स्थगित किया।
प्रभावित इलाकों का किया दौरा
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी विधायक के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि प्रदेश में इस आपदा से हुए हजारों करोड़ के नुकसान की भरपाई के लिए हिमाचल को विशेष राहत पैकेज दिया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को मदद मिल सके और प्रदेश को संबल प्राप्त हो।
