नई दिल्ली/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेला चल रहा है। जिसमें करोड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हिमाचल से भी सैंकड़ो लोग महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं। इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिमाचली टोपी पहनकर प्रयागराज पहुंचे हैं।

प्रयागराज पुहंचे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम स्थल पर पवित्र स्नान किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की पूजा-अर्चना की, सूर्य को अर्घ्य दिया, गंगा मैया को चुनरी चढ़ाई और दूध अर्पित किया। प्रत्येक डुबकी के बाद, प्रधानमंत्री ने रुद्राक्ष की माला से मंत्रों का जाप भी किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल बिजली बोर्ड के 700 पदों पर गिरी गाज, CM सुक्खू ने दी स्वीकृति

हिमाचली टोपी पहन पहुंचे प्रयागराज

PM नरेंद्र मोदी ने काले कुर्ते, भगवा पटके और हिमाचली टोपी में संगम तट पर वैदिक मंत्रों के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने त्रिवेणी संगम में अक्षत, नैवेद्य, पुष्प, फल और लाल चुनरी अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने संगम स्थल पर तीनों पावन नदियों की आरती भी उतारी।

 

तीर्थ पुरोहित ने उनका टीका लगाकर अभिनंदन किया। पूजन-अर्चन के बाद, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बोट पर बैठकर वापस हेलिपैड की ओर रवाना हो गए। इस दौरान घाट के दोनों तरफ भारी भीड़ दूर से ही PM मोदी को निहार रही थी। हर कोई पीएम की एक झलक पाने के लिए उत्सुक था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर पर अकेली थी दोनों बहनें, एक की कमरे में पड़ी मिली देह

पोस्ट की शेयर

PM मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर लिखा- प्रयागराज महाकुंभ में आज पवित्र संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना का परम सौभाग्य मिला। मां गंगा का आशीर्वाद पाकर मन को असीम शांति और संतोष मिला है। उनसे समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की। हर-हर गंगे।

 

करोड़ों श्रद्धालु कर रहे स्नान

महाकुंभ 2025 का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में हो रहा है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु संगम में स्नान के लिए आ रहे हैं। PM मोदी की इस पवित्र स्नान के दौरान उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को और बढ़ा दिया है। उनकी उपस्थिति के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन आम श्रद्धालुओं के स्नान में कोई बाधा नहीं आने दी गई।बताया जा रहा है कि PM मोदी ने स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया था कि उनके स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य रूप से चलती रहे।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें