शिमला। हिमाचल प्रदेश के सस्ते राशन डिपुओं में कई उपभोक्ता लगातार तीन-तीन महीने तक राशन लेने नहीं पहुंच रहे हैं। इससे डिपुओं में राशन जमा हो रहा है और लंबे समय तक पड़े रहने से खराब होने की भी चिंता बनी हुई है। अब डिपो संचालकों ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रदेश डिपो संचालक समिति ने विभाग से लगातार तीन महीने तक राशन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं के राशन कार्ड ब्लॉक करने की मांग की है।
डिपुओं में पड़ा रहता है राशन, खराब होने का भी डर
अशोक कवि ने बताया कि प्रदेश में कई लोग लंबे समय तक डिपुओं से अपना राशन नहीं लेते हैं। ऐसे में उनके हिस्से का राशन डिपो में ही पड़ा रहता है। बाद में यही राशन अगले महीने दूसरे उपभोक्ताओं को देना पड़ता है। लंबे समय तक सामान पड़े रहने से उसकी गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठते हैं और डिपो संचालकों को लोगों के सवालों का सामना करना पड़ता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महज 3 हजार रुपये के लिए कर दी मिस्त्री की ह**त्या, पुलिस ने बिहार से दबोचा आरोपी
राशन की मांग तय करना भी बन रहा परेशानी
डिपो संचालकों के लिए हर महीने कितना राशन मंगवाना है, यह तय करना भी मुश्किल हो रहा है। पंजीकृत राशन कार्डों के हिसाब से पूरा राशन मंगवाने पर कई बार लोग अपना राशन लेने नहीं आते। वहीं, अगर कम राशन की मांग भेजी जाए तो कुछ उपभोक्ता पहले ही राशन ले जाते हैं। ऐसे में नियमित रूप से राशन लेने आने वाले लोगों को कई बार परेशानी होती है।
राशन नहीं लेने से डिपो संचालकों को भी नुकसान
समिति का कहना है कि उपभोक्ताओं के राशन नहीं लेने से डिपो संचालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। राशन खरीदने में लगी उनकी राशि लंबे समय तक फंसी रहती है। इसके अलावा उन्हें मिलने वाली कमीशन पर भी इसका असर पड़ता है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजधानी में लगा लंबा जाम, कई घंटों तक फंसी रही AMBULANCE- रॉंग पार्किंग ने किया परेशान
हर महीने डिपो से राशन लेने की अपील
अशोक कवि ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हर महीने अपने नजदीकी डिपो से मिलने वाला निर्धारित राशन जरूर लें। साथ ही उन्होंने खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग से मांग की है कि लगातार तीन महीने तक राशन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं की पहचान की जाए और नियमों के अनुसार उनके राशन कार्ड ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाए।
