शिमला। हिमाचल प्रदेश सहित कश्मीर की पहाड़ियों में अप्रैल माह में जमकर बर्फबारी हुई है। प्रदेश के जनजातीय ज़िले लाहौल-स्पीति में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार रात से लोसर गांव और ऊंची चोटियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। अब तक करीब 10 सेंटीमीटर ताज़ा हिमपात दर्ज किया गया है, जिससे घाटी एक बार फिर बर्फ की चादर में लिपट गई है।

5 डिग्री गिरा तापमान

बर्फबारी की वजह से ग्रांफू-लोसर सड़क मार्ग की बहाली में बीआरओ को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे स्थानीय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

 

यह भी पढ़ें : बड़ी खबर: निर्माणाधीन शिमला फ्लाईओवर से गिरे 4 मजदूर, मची चीख पुकार

 तेज बारिश-ओलावृष्टि, 50 ट्रांसफॉर्मर ठप

कुल्लू जिले में आधी रात के बाद मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। बंजार विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक बिजली के ट्रांसफार्मर बंद हो चुके हैं, जिससे इलाके में बिजली संकट पैदा हो गया है। वहीं चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में भी ओलावृष्टि के समाचार मिले हैं।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 और 20 अप्रैल के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 22 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब बना रह सकता है। 

22 अप्रैल के बाद राहत

शिमला, मंडी, ऊना, सोलन, हमीरपुर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 22 अप्रैल के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने के आसार हैं।