मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की एक पंचायत में प्रधान पद का चुनाव हारने के बाद एक महिला उम्मीदवार ने लोगों का दिल जीत लिया। प्रत्याशी टैक्सी चालक की पत्नी जब चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों के बीच पहुंचीं, तो कई लोगों की आंखें नम हो गईं। लेकिन उन्होंने हार को मुस्कुराकर स्वीकार करते हुए ऐसा संदेश दिया, जिसने वहाँ मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। जिसका अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जनता के प्रति समर्पण ने दिलाई खास पहचान

दरअसल, मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की सोमगाड़ पंचायत में प्रधान पद की उम्मीदवार रहीं किरण ठाकुर भले ही चुनाव नहीं जीत सकीं, लेकिन हार के बाद दिखाई गई उनकी सकारात्मक सोच और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें लोगों के बीच खास पहचान दिला दी है।

यह भी पढ़ें : जयराम ठाकुर की अधिकारियों को दो टूक- बहुत महंगा पड़ेगा.... मर्यादा लांघी तो चुकानी होगी कीमत

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जहां आमतौर पर हारने वाले उम्मीदवार निराश दिखाई देते हैं, वहीं किरण ठाकुर ने अपने समर्थकों के बीच पहुंचकर ऐसा संदेश दिया जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

चालीस लाख से अधिक लोग देख चुके वीडियो

उन्होंने कहा कि जनता का फैसला उनके लिए सर्वोपरि है और चुनाव हारने के बावजूद वह पंचायत और क्षेत्र के लोगों के लिए पहले की तरह काम करती रहेंगी। उन्होंने अपने समर्थकों को निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिला है, जो किसी भी जीत से कम नहीं है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : चारों नगर निगमों में मेयर पद रहेगा अनारक्षित, दावेदारों में गुटबाजी तेज

चुनाव में मुझे आपके आशीर्वाद स्वरूप 650 से अधिक वोट मिले हैं, जो मेरे लिए बहुत ही बड़ी बात है। उनके इस भावुक और प्रेरणादायक संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि इसको चालीस लाख से अधिक लोग इस वीडियो को देख चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग उनकी सोच और व्यवहार की सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे राजनीति में सकारात्मक संदेश देने वाला उदाहरण बताया है।

चंद्रावती के सिर सजा ताज

सोमगाड़ पंचायत में प्रधान पद का मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का रहा। अंतिम समय तक जीत और हार को लेकर तस्वीर स्पष्ट नहीं थी। दोनों पक्षों के समर्थक परिणाम को लेकर उत्साहित थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में फिर चला राजपरिवार का जादू, 8 हजार वोटों से जीतीं विभा सिंह- बरकरार रहा दबदबा

हालांकि आखिरकार जीत का ताज चंद्रावती के सिर सजा, जिन्होंने एक बार फिर पंचायत की कमान संभालने में सफलता हासिल की। इससे पहले भी उनके परिवार का पंचायत राजनीति में प्रभाव रहा है।

डबल एमए पास हैं किरण ठाकुर

किरण ठाकुर की बात करें तो वह 24 वर्षीय शिक्षित महिला हैं और सोमगाड़ पंचायत के पंजाई गांव की निवासी हैं। उन्होंने इतिहास और अंग्रेजी विषय में परास्नातक (एमए) की डिग्री हासिल की है। करीब पांच वर्ष पहले उनका विवाह राकेश कुमार से हुआ था, जो मनाली में टैक्सी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल HC का बड़ा फैसला : दूसरे राज्य से ब्याही बहुओं को नहीं मिलेगा SC-OBC आरक्षण कोटा

एक छोटे बच्चे की मां होने के बावजूद किरण ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर मजबूत चुनौती पेश की। स्थानीय लोगों का मानना है कि चुनाव परिणाम चाहे जो रहा हो, लेकिन हार के बाद जिस परिपक्वता और सेवा भावना का परिचय किरण ठाकुर ने दिया है, उसने उन्हें क्षेत्र में और अधिक लोकप्रिय बना दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें