कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कल कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां पहुंचे, जहां उन्होंने दुबई एयर शो में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नामांश स्याल के परिजनों से मुलाकात की। शहीद नमांश की मासूम बेटी आर्या को देख CM भावुक हो गए।

शहीद नमांश के घर पहुंचे CM

CM ने शहीद के पिता रिटायर्ड कर्नल जगन्नाथ स्याल, मां और परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में सरकार की पूरी मदद का भरोसा दिया। CM सुक्खू के साथ उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर भी मौजूद थी। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, चेयरमैन रघुवीर सिंह बाली, विधायक सुरेश कुमार भी मौजूद रहे। सभी ने शहीद नामांश को श्रद्धांजलि दी और परिवार के साहस को सलाम किया।

 

 

 

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी से मिले हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय : सरकार-संगठन के तालमेल को लेकर हुई अहम चर्चा

सांसद अनुराग भी परिवार से मिले

CM सुक्खू के पहुंचने से पहले दिन में कई राजनीतिक नेताओं ने नामांश स्याल के घर पहुंचकर परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सुबह के समय हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर शहीद के निवास पहुंचे। उन्होंने शहीद के पिता कर्नल जगन्नाथ स्याल और परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

परिवार को बंधाया ढांढस

अनुराग ने कहा कि नामांश स्याल के सर्वोच्च बलिदान को देश कभी नहीं भूल पाएगा। दोपहर को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा के कई विधायक और वरिष्ठ नेताओं ने भी परिवार को ढांढस बंधाया। नेताओं ने कहा कि यह क्षति केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे देश की है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा : शीतकालीन सत्र के बीच डिप्टी CM मुकेश दिल्ली रवाना, लग रही कई अटकलें

देश ने साहसी फाइटर पायलट खोया

शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि विंग कमांडर नामांश स्याल एक कर्तव्यनिष्ठ, साहसी और अत्यंत दक्ष फाइटर पायलट थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए वे लगातार वायुसेना और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि परिवार को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो।

 

अनुराग ने कहा कि नमांश ने राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे वीर सपूतों के परिवारों का सम्मान और सहयोग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरा देश सयाल परिवार के साथ खड़ा है।

यह भी पढ़ें : सांसद अनुराग को देख भावुक हुए शहीद नमांश के पिता, बेटे को याद कर छलके आंसू

भावुक हुए नमांश के पिता

परिजनों से मुलाकात के दौरान शहीद के पिता जगन्नाथ स्याल भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि दुनिया के कई देशों की वायुसेनाओं ने उनके बेटे के सम्मान में विशेष श्रद्धांजलियां दीं। स्याल ने कहा करीब 80 देशों के पायलटों ने नमांश को श्रद्धांजलि दी।

 

80 देशों के पायलटों ने श्रद्धांजलि दी

रूसी पायलटों ने एयर शो में उसके सम्मान में विशेष प्रदर्शन किया। अमेरिकी पायलटों ने सम्मान स्वरूप अपना शो तक रद्द कर दिया। उन्होंने इसे भारत की वायुसेना और सैन्य सेवाओं की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण बताया और कहा कि यह सम्मान उनके बेटे के अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की पहचान है।

यह भी पढ़ें : शीतकालीन सत्र : सदन में पहले दिन उठा पंचायती राज चुनाव का मुद्दा- विपक्ष ने घेरा

पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी

नेताओं ने कहा कि विंग कमांडर नामांश स्याल का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति हमेशा स्मरण में रहेंगे। उनका बलिदान न केवल हिमाचल बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर रहेगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें