शिमला/चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में कुछ दिन गुजारने के बाद जब चंडीगढ़ निवासी एक बुजुर्ग महिला अपने घर लौटीं, तो उनके सामने जो दृश्य था, उसने उनके होश उड़ा दिए। सेक्टर.44बी स्थित उनके बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों के गहनों, नकदी और विदेशी मुद्रा पर हाथ साफ कर दिया था। महिला को अपना पूरा घर तहस नहस मिला।
दो दिन हिमाचल में रहने के बाद लौटी थी वापस
पीड़िता, 67 वर्षीय नीरा गोयल जिनके बच्चे विदेश में रहते हैं, हिमाचल प्रदेश में अपने भाई से मिलने 4 अगस्त को आई थीं। दो दिन बाद जब 6 अगस्त को वह वापस अपने घर पहुंचीं, तो दरवाजा खुला और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। शुरुआती आकलन में ही यह स्पष्ट हो गया कि यह एक सुनियोजित चोरी की वारदात थी।
यह भी पढ़ें : कौन होगा हिमाचल कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष ? सीएम सुक्खू ने कर दिया स्पष्ट, जानें
हीरे के गहनों सहित नगदी चोरी
गोयल ने तुरंत अपने पड़ोसियों को सूचित किया और फिर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-34 थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम, पीसीआर और सीएफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। नीरा गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरी गए सामान में एक हीरे का पेंडेंट, दो जोड़ी हीरे के टॉप्स, एक सॉलिटेयर हीरा, एक हीरे का ब्रेसलेट, एक सोने की चेन, 100 अमेरिकी डॉलर और लगभग तीन लाख रुपये की नकदी शामिल है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी नौकरी: जेबीटी के 600 पदों पर शुरू हुई भर्ती, HPRCA ने मांगे आवेदन; जानें डिटेल
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आस.पड़ोस से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपी घर की निगरानी कर रहे थे और महिला के बाहर जाने की पूरी जानकारी होने के बाद ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
हिमाचल की यात्रा बनी अनजाने हादसे की वजह
इस घटना ने न सिर्फ चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाता है कि शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्ग कितने असुरक्षित हैं। महिला हिमाचल प्रदेश में अपने भाई से मिलने आई थी, लेकिन वापस लौटते ही उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, उसकी सारी जमा पूंजी लूट चुकी थी।
यह भी पढ़ें : सुधीर के आपदा फंड पर सीएम सुक्खू का तंज, पार्टी बदलने पर मिले पैसों से तो नहीं बांटी राहत
पुलिस का बयान
सेक्टर-34 थाना प्रभारी के अनुसार जांच तेजी से की जा रही है। चोरों ने जिस तरीके से घर को निशाना बनाया है, उससे लग रहा है कि वे पेशेवर हैं और घर की गतिविधियों पर पहले से नजर रखे हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर वे कुछ दिनों के लिए घर छोड़कर जा रहे हैं, तो पड़ोसियों को सूचित करें और संभव हो तो घर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। साथ ही, किसी भी अजनबी की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
