हमीरपुर। हिमाचल में नशा माफिया पर शिकंजा कसने के लिए चल रहे अभियान ने आज उस समय सभी को हैरत में डाल दिया। जब एक मेडिकल का छात्र नशे की बड़ी खेप के साथ पकड़ा गया। मेडिकल का यह छात्र बस में पंजाब से इस नशे की सप्लाई को लेकर आया था, इस दौरान एक अन्य युवक भी उसके साथ था। पुलिस ने इन दोनों के पास से लाखों का नशा बरामद किया है। 

10 लाख से भी अधिक का नशा बरामद

मिली जानकारी के अनुसार मामला हिमाचल के हमीरपुर जिला का है। यहां पुलिस ने हमीरपुर बस स्टैंड पर दो युवकों को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों छात्रों में एक मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से 105.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 लाख से भी अधिक है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि यह नशे की खेप पंजाब से लाई गई थी, और इसे आगे कॉलेजों व युवाओं में सप्लाई किया जाना था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : पहले फोन कर घर से बुलाया, फिर नहर में फेंक दिया युवक- परिजनों को मिली देह

संदिग्ध हालात में दिखे दोनों युवक

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात एसएचओ कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। हमीरपुर बस अड्डे पर पुलिस को दो युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए नजर आए। जिस पर पुलिस उनके पास पहुंची तो दोनों ही युवक पुलिस को देख कर घबरा गए, जिस पर पुलिस को उन दोनों पर शक हुआ। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। तलाशी लेने पर उनके बैग से पुलिस को 105.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

यह भी पढ़ें : इस बार विस सत्र में शामिल नहीं होंगे डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ! जानिए क्या है वजह

गिरफ्तार युवकों में एक मेडिकल का छात्र

पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए नशे की खेप को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय रजत मेहरा पुत्र ओम प्रकाश निवासी वार्ड नंबर-2 हमीरपुर और आयुष ठाकुर पुत्र संजय कुमार निवासी गांव छियोई, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि आयुष ठाकुर हमीरपुर के पास एक निजी संस्थान में D-Pharma की पढ़ाई कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के जवान की बाइक के हुए दो टुकड़े, तेज रफ्तार में बस से हुई टक्कर; मौके पर थमीं सांसें

 

मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा छात्र नशे की तस्करी में लिप्त पाया जाना पुलिस और समाज दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि नशे की यह खेप पंजाब से लाई गई थी, और उसे हमीरपुर के युवाओं तक पहुंचाने की योजना थी।

क्या बोले एसपी हमीरपुर 

एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। चाहे वह तस्कर हो, सप्लायर हो या उपभोक्ता किसी-को बख्शा नहीं जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।