शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बड़े होटल कारोबारी के निजी आवास में हुई चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। फिंगास्क एस्टेट स्थित घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और लाखों रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।

घर से करोड़ों की चोरी

चोरी हुए सामान की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात को सोमवार देर रात अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। चोरी की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के ऐतिहासिक दशहरा उत्सव की तैयारियां शुरू, 347 देवी-देवताओं को भेजे निमंत्रण

नौकरानी ने रची साजिश

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि घर में काम करने वाली नौकरानी इस वारदात में शामिल हो सकती है। घटना के बाद से नौकरानी फरार बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि उसने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर चोरी की योजना को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज से खुलेगा राज

पुलिस की जांच में घर के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अहम कड़ी साबित हो सकती है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- कैबिनेट विस्तार से पहले दिल्ली पहुंचे CM सुक्खू समेत कई दिग्गज, एक मंत्री की हो सकती है छुट्टी

खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत और प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम घर में होटल कारोबारी रेणु बालजीज मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि देर शाम घर में काम करने वाली नौकरानी ने उनके लिए खाना तैयार किया। आरोप है कि इसी खाने में किसी नशीले पदार्थ को मिला दिया गया।

खाना खाने के बाद बेहोश हुई मालकिन

खाना खाने के कुछ समय बाद रेणु बालजीज बेहोश हो गईं। इसी दौरान घर में मौजूद अलमारियों को निशाना बनाया गया। पुलिस को आशंका है कि महिला के बेहोश होने के बाद नौकरानी ने अपने साथियों को घर के अंदर बुलाया और उनके साथ मिलकर अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया।

यह भी पढ़ें- शिमला ZP में किसका राज? 2 निर्दलीय बने किंगमेकर, आज होगा कांग्रेस-BJP की किस्मत का फैसला

3 युवकों ने दिया नौकरानी का साथ

बताया जा रहा है कि वारदात में तीन युवकों ने भी नौकरानी का साथ दिया। पुलिस फिलहाल इन संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद सभी आरोपी कथित तौर पर घर से आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।

सुबह होश में आने पर सामने आई चोरी

मंगलवार सुबह जब रेणु बालजीज को होश आया तो उन्होंने घर के भीतर सामान को अस्त-व्यस्त पाया। विशेष रूप से बेडरूम में रखी अलमारियों की स्थिति देखकर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। अलमारियों की जांच करने पर कई कीमती आभूषण और नकदी गायब मिली।

यह भी पढ़ें-  कार से मिला ढेर सारा चिट्टा, ग्राहक का इंतजार कर रहा था अंकित- हुआ गिरफ्तार

सुबह पुलिस को किया फोन

इसके बाद उन्होंने घर के कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और कार्रवाई शुरू कर दी।

पुश्तैनी गहने भी थे अलमारी में

रेणु बालजीज के अनुसार, चोरी हुए सामान में सिर्फ सामान्य आभूषण ही नहीं, बल्कि परिवार के पुश्तैनी गहने भी शामिल थे। इन आभूषणों में कई ऐसे गहने थे जो काफी पुराने, वजनदार और आर्थिक दृष्टि से बेहद कीमती बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में 12वीं पास के लिए नौकरी : हर महीने मिलेगी अच्छी-खासी सैलरी, जानें डिटेल

गहने-कैश सब गायब

चोरी हुए सामान में सोने-चांदी की चूड़ियां, चेन, अंगूठियां और अन्य आभूषण शामिल होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही अलमारियों में रखी काफी मात्रा में नकदी भी चोरी हुई है।

दो करोड़ का सामान चोरी

शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि चोरी हुए आभूषणों और नकदी का वास्तविक मूल्य पुलिस की जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस की नाक के नीचे से कैदी फरार, IGMC में उपचार के लिए लाया था- मचा हड़कंप

नौकरानी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से घर में काम करने वाली नौकरानी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। इसके साथ ही उन तीन युवकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, जिनके वारदात में शामिल होने का संदेह जताया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

घर के सामान की जानकारी कैसे मिली?

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात की योजना कितने समय पहले बनाई गई थी और घर से संबंधित जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची। घर में काम करने वाली महिला को घर के अंदर मौजूद सामान और अलमारियों की जानकारी होने की संभावना को देखते हुए पुलिस इस पहलू को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा पर आए दो श्रद्धालुओं की थमी सांसें, लंगर सेवा करते पड़ा दिल का दौरा

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

चोरी की इस वारदात की जांच में CCTV फुटेज महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ली है। फुटेज के माध्यम से पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात वाली रात घर के आसपास कौन-कौन लोग और वाहन मौजूद थे।

 

इसके अलावा संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते और घटना के बाद उनके भागने की दिशा का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में अब डाकिया नहीं, ड्रोन पहुंचा रहा चिट्ठियां : 10 मिनट में घर-घर पहुंच रही डाक

पुलिस ने शुरू की जांच

ASP गौरवजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार नौकरानी और उसके संभावित साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं।

चोरी में कितने लोग थे शामिल?

फिलहाल पुलिस इस बात की भी पुष्टि करने में जुटी है कि चोरी में वास्तव में कितने लोग शामिल थे और घर से कितना सामान चोरी हुआ है। आभूषणों और नकदी का विस्तृत मिलान तथा उनकी कीमत का आकलन जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के सरकारी गेस्ट हाउस में ठहर सकेगा आम आदमी- 3 हजार में मिलेगा कमरा

पूरे इलाके में चिंता का माहौल

शिमला जैसे शहर में एक नामी होटल कारोबारी के निजी आवास में इस तरह की बड़ी चोरी सामने आने से आसपास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। पुलिस के सामने अब मुख्य चुनौती फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के साथ-साथ चोरी हुए करोड़ों रुपये के आभूषण और नकदी को बरामद करना है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें