हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां HRTC बस से स्कूल नेशनल गेम्स खेलकर वापस हिमाचल लौट रही छात्रा का सूटकेस गायब हो गया है। इस सूटकेस में छात्रा के कई जरूरी सर्टिफिकेट पड़े हुए थे। सूटकेस के गुम हो जाने से छात्रा काफी परेशान है।
HRTC बस से सूटकेस गायब
मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय स्कूल हमीरपुर की 11वीं कक्षा की छात्रा कशिश रांची में एथलेटिक्स में स्कूल नेशनल गेम्स खेलने गई हुई थी। इस दौरान वहां से वापस लौटते वक्त कशिश पहले ट्रेन से दिल्ली आई। फिर उसने दिल्ली के कश्मीरी गेट से हमीरपुर के लिए HRTC बस की टिकट ली।
डिक्की में रखा था सामान
बस में बैठने से पहले कशिश ने अपना सूटकेस बस की डिक्की में रखा और फिर खुद बस में बैठ गई। बस दिल्ली से करीब शाम साढ़े 7 बजे चली और अगली सुबह हमीरपुर बस स्टेंड पहुंची। बस स्टेंड पर पहुंचते ही कशिश बस से उतरी और डिक्की से अपना सामान निकालने लगी। मगर डिक्की खोलते ही उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि डिक्की से उसका बैग गायब था।
सूटकेस में पड़े हैं जरूरी दस्तावेज
कशिश ने बताया कि बैग रखने के बाद अपनी संतुष्टि के लिए उसने डिक्की की फोटो भी ली थी।  ऐसे में बैग को लेकर जब उसने कंडक्टर से पूछा तो उसे भी इस बारे में कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद मामले की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1100 पर दी गई। कशिश ने बताया कि सूटेकस में उसके कई जरूरी दस्तावेज पड़े हुए हैं।
कंडक्टर ने बरती लापरवाही
वहीं, कशिश की मां ने बस कंडक्टर पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि जब सूटकेस के लिए कंडक्टर से पूछा गया तो उसने आगे से जवाब दिया कि बस की डिक्की को रास्ते में कहीं भी खोला नहीं गया है। उसे नहीं पता कि कशिश का सूटेकस कहां है। कशिश की मां ने जिला प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की है और जल्द से जल्द सूटकेस को ढूंढने की अपील की है।

उधर, HRTC हमीरपुर के DM राजकुमार पाठक ने बताया कि मामले में HRTC बस के कंडक्टर और ड्राइवर से पूछताछ की जाएगा। छात्रा का गुम हुआ सामान ढूंढने का संभव प्रयास किया जाएगा।