बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक नवविवाहिता घर से गायब हो गई है। भराड़ी क्षेत्र में रहने वाली महिला घर से अपने ससुर के साथ सामान खरीदने के लिए घुमारवीं बाजार आई थी। महिला का ससुर घर जाने के लिए पार्किंग में उसका इंतजार करता रहा, लेकिन महिला सामान लेकर वापस लौट कर ही नहीं आई।

घर से गायब हुई नवविवाहिता 

बताया जा रहा है कि महिला का फोन बंद आ रहा है और घर से लाखों रुपए के गहने व नकदी भी गायब है। परिजनों ने मामले की शिकायत घुमारवीं थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों को शक है कि बहू गहने और नकदी लेकर फरार हो गई है। यह भी पढ़ें : हिमाचल : मां-बाप का दुश्मन बना शराबी बेटा, अनर्थ करने के बाद दी धमकी

ससुर के साथ आई थी बाजार

परिजनों ने बताया कि बीती 5 मई को ही उनके बड़े बेटे की शादी महिला के साथ हुई थी- जो कि लुधियाना की रहने वाली है। महिला के ससुर ने बताया कि सोमवार को बहू ने कहा कि उसे सामान लेने बाजार जाना है। ऐसे में दोपहर करीब 3 बजे वो अपनी बहू को कार में घुमारवीं लेकर पहुंचे।

पार्किंग में इंतजार करता रहा ससुर

बाजार पहुंचते ही ससुर ने कहा कि वे पार्किंग कार खड़ी कर रहे हैं- जैसे ही वो सामान खरीद ले तो उसे फोन कर दे। इसके बाद शाम करीब 4 बजे के आसपास उन्होंने बहू को फोन किया, लेकिन उसका फोन ऑफ आया। उन्हें लगा कि बैटरी खत्म हो गई होगी। मगर काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब बहू नहीं आई तो उन्होंने इस बात की जानकारी घर पर दी। यह भी पढ़ें : हिमाचल : खाई में गिरी सब्जी से लदी पिकअप, खिड़की से बाहर पड़ा चालक

अलमारी से गहने व नकदी भी गायब

ससुर ने बताया कि बीती 17 अक्टूबर को छोटे बेटे की शादी तय करने के लिए घर में समारोह का आयोजन किया था। ऐसे में घर में लगभग एक लाख रुपये की नकदी पड़ी हुई थी। शादी तय होने के कारण घर में सोने के गहने भी थे- जिनमें कान की बालियां, सोने का हार, अंगूठियां, पायलें और गले की डोर शामिल है। मगर अब इन सबमें से एक भी गहना अलमारी में नहीं है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल ने बताया परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर लापता महिला को ढूंढने की कोशिश की जा रही है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें