मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने से छोटी उम्र की नाबालिग प्रेमिका को पहले भरोसे में लेकर घर से भगाया और फिर आत्महत्या की साजिश रची। घर वालों के मना करने के बावजूद भी ये युवक नाबालिग लड़की को भगा ले गया। 

खुद पिया जहर, फिर लड़की को भी पिलाया

जानकारी मिली है कि युवक ने कोल्ड ड्रिंक में ज़हर मिलाकर पहले खुद पिया और फिर वही लड़की को भी पिलाया। पुलिस के अनुसार, दोनों को महिला थाना लाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी हालत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत जोनल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : अस्पताल गई युवती को गाड़ी में जबरन बैठा पहुंचाया अपने घर, इज्जत पर डाला हाथ और...

घर वालों ने शादी के लिए किया था इनकार

युवक नाबालिग प्रेमिका से विवाह करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार ने साफ मना कर दिया। इससे मानसिक रूप से टूट चुके युवक ने आत्मघाती कदम उठाने का निर्णय लिया। उसने लड़की को भरोसे में लेकर घर से भगाया और गुमशुदगी की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को बरामद किया। लेकिन थाने पहुंचने से पहले ही युवक ने कोल्ड ड्रिंक में चूहे मारने की दवा मिलाई और दोनों ने उसे पी लिया।

यह भी पढ़ें : कौन बनेगा BJP का अलगा प्रदेश अध्यक्ष? हिमाचल आ रहें जेपी नड्डा, सुनाएंगे अपना फैसला

पहले भी कर चुका ऐसी हरकत

जोनल अस्पताल में उपचार के बाद लड़की की हालत सुधरने पर उसे परिवार को सौंप दिया गया है। लेकिन युवक अब भी अस्पताल में भर्ती है और जैसे ही उसकी हालत सामान्य होगी, उसे पुलिस हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति भी जांच के घेरे में है क्योंकि वह पहले भी आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश कर चुका है।

क्या कहती है पुलिस

महिला थाना प्रभारी तनुजा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही ज़हर की पुष्टि हो पाएगी। यदि ज़हर की पुष्टि होती है, तो युवक पर गंभीर धाराओं में मुकदमा चलेगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह कदम पहले से सोचा-समझा था या युवक ने आवेग में उठाया।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें