धर्मशाला। पति-पत्नी के रिश्ते में छोटी-छोटी तकरार आम बात है, लेकिन कभी-कभी यही मामूली कहासुनी इतना विकराल रूप ले लेती है कि इंसान सोचने-समझने की शक्ति खो बैठता है और ऐसा कदम उठा लेता है जिसका पछतावा जिंदगी भर रहता है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए एक मामूली झगड़े ने परिवार को कभी न भरने वाला गहरा जख्म दे दिया है। बैजनाथ पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले मत्याल खुर्द में एक व्यक्ति ने घरेलू कलह के चलते अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
ससुराल से लौटते ही दोनों में हुआ झगड़ा
खौफनाक मंजर रविवार रात को शुरू हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक नरेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। रविवार शाम करीब 6 बजे दोनों अपने घर मत्याल खुर्द लौटे। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन रात को सोते समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि पत्नी गुस्से में कमरे से बाहर आ गई। उसे क्या मालूम था कि यही गुस्सा उसके सुहाग को लील जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नई नवेली दुल्हन ने लाल जोड़े में फौजी पति को दी अंतिम विदाई, 3 माह पहले हुई थी शादी
पत्नी को फंदे पर झूलता मिला नरेंद्र
पत्नी के बाहर निकलते ही नरेंद्र कुमार ने अंदर से कमरे की कुण्डी लगा ली। कुछ देर बाद जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो पत्नी को चिंता हुई। उसने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। नरेंद्र कुमार कमरे के पंखे से लगे फंदे पर झूल रहा था। खिड़की से यह खौफनाक दृश्य देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
यह भी पढ़ें : भैंस ढूंढने UP पहुंची हिमाचल पुलिस- 48 घंटे में सुलझाया मामला, दो लोग गिरफ्तार
दरवाजा तोड़कर उतारा
पत्नी ने तुरंत इसकी जानकारी अपने ससुर को दी। पूरा परिवार सन्न रह गया। आनन-फानन में कमरे का दरवाजा बड़ी मुश्किल से तोड़ा गया और नरेंद्र को फंदे से नीचे उतारा गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन अफसोस! नरेंद्र पहले ही दम तोड़ चुका था। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक मामूली झगड़े ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में बदल दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल के नीचे पड़ा मिला 28 वर्षीय युवक, झुलसा हुआ था आधा शरीर, हा.दसा या साजिश.....
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नरेंद्र की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। परिवार के सदस्यों ने इस मामले में किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया है। बैजनाथ पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुचकर स्थिति का जायजा लिया और बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गुस्से में लिया गया क्षणिक फैसला अक्सर विनाशकारी होता है।
