शिमला। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। अब चोरों ने आस्था के केंद्र मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला जिला शिमला से सामने आया है, जहां मशहूर संकट मोचन मंदिर में चोर ने सेंध लगा दी। आरोपी मंदिर के गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट, और सोने के गहने लेकर फरार हो गया है। 

देर रात मंदिर में घुसा चोर

पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात शनिवार रात करीब 2:20 बजे हुई। चोर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया और वहां रखे भगवान के चांदी के तीन मुकुट चुरा लिए। इसके साथ ही माता सीता की सोने की नथ भी चोरी कर ली। नथ का वजन करीब एक तोला बताया जा रहा है। चोर ने मंदिर में रखे दानपात्र को भी नहीं छोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें : HRTC पेंशनरों की चेतावनी: सरकार दिवाली से पहले जारी करे 5% DA, कल मुख्यालय का करेंगे घेराव

CCTV में दिखी संदिग्ध तस्वीरें

चोरी की घटना के बाद रविवार को पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। पुलिस ने उसकी तस्वीर भी सार्वजनिक की है, ताकि लोग उसकी पहचान करने में मदद कर सकें।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कोई तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत पुलिस को बताए। पुलिस का कहना है कि लोगों से मिलने वाली जानकारी से आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: पिकअप चलाकर पालता था परिवार, 100 फीट गहरी खाई में गिरी; थम गईं चालक की सांसें

होमगार्ड के होते हुए भी नहीं लगी भनक

इस चोरी की घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर में 24 घंटे होमगार्ड जवान तैनात रहते हैं, इसके बावजूद किसी को चोरी की भनक नहीं लगी। पुलिस के अनुसार चोर मंदिर का मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुसा था और सुबह करीब 3:15 बजे बाहर निकला।

संदिग्ध के बारे में जानकारी देने के लिए ये हैं नंबर

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी देने के लिए लोगों को संपर्क नंबर जारी किए हैं। अगर किसी के पास इस व्यक्ति से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह पुलिस थाना बालूगंज या जिला शिमला पुलिस को सूचना दे सकता है।

  • पुलिस थाना बालूगंज: 0177-2830193
  • SHO बालूगंज: 8894728013
    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत इन नंबरों पर संपर्क करें।