मंडी। हिमाचल प्रदेश में कुछ लोग घर और दुकानों के जरिए नशे का काला कारोबार कर रहे हैं, लेकिन पुलिस लगातार कार्रवाई कर ऐसे लोगों का पर्दाफाश कर रही है और उन्हें सलाखों के पीछे भेज रही है। इसी कड़ी में जिला मंडी से एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपने जनरल स्टोर के जरिए नशा सप्लाई कर रहा था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की।

जनरल स्टोर से हो रही थी चरस की अवैध बिक्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के तहत आते भभौरी क्षेत्र का है। यहां पर एक युवक भभौरी जनरल स्टोर से दुकान चलाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी अपनी दुकान से ही चोरी‑छिपे चरस की अवैध बिक्री कर रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस में बंपर भर्ती : कांस्टेबल के भरे जाएंगे 800 पद, यहां जानें सब कुछ

पुलिस ने स्टोर पर मारा छापा 

पुलिस को इस बारे में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पुलिस टीम ने रणनीति बनाई। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जनरल स्टोर की तलाशी ली। पुलिस को देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जनरल स्टोर की तलाशी ली। 

आरोपी से चरस बरामद 

तलाशी के दौरान दुकान से 362 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद दुकानदार को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान मुनीश कुमार उम्र 42 साल पुत्र साईं दास, गांव खुडार, जिला मंडी के रूप में हुई है। जांच में पाया गया है कि मुनीश कुमार काफी समय से दुकान में टॉफी-बिस्कुट के साथ-साथ चरस का धंधा कर रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एंबुलेंस बनी डिलीवरी रूम : अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही महिला ने जन्मा बेटा

NDPS एक्ट के तहत मामला किया दर्ज

इस मामले में पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामदगी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कारोबार में और कौन‑कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

क्या बोले SHO मंडी

SHO मंडी सकीनी कपूर ने साफ शब्दों में कहा है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें