ऊना। हिमाचल प्रदेश में अभी मौसम ने पूरी तरह से करवट भी नहीं ली है। मगर इसी बीच चोरों ने गर्मियों के लिए अपना इंतजाम करना शुरू कर दिया है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक चोरी की वारदात पेश आई है। जहां शातिर चोर बीच बाजार में स्थित एक दुकान से नौ एसी चोरी करके फरार हो गए हैं।

शटर का ताला और सीसीटीवी कैमरा तोड़ा

चोरों ने दुकान के शटर के ताले के साथ-साथ दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया है। फिलहाल, दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नकाबपोश व्यक्ति एसी लेकर निकल रहा था बाहर

पुलिस रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, मामले में दुकानदार नीरज कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता नीरज ने बताया कि हर रोज की तरह वह सुबह जिला ऊना के बडूही बाजार में स्थित अपनी दुकान पर पहुंचा। इसी बीच जब वह अपनी दुकान का स्टोर खोलने गया तो उसने देखा कि दुकान के शटर का ताला खुला हुआ है और सीसीटी कैमरा भी टूटा हुआ है। इसके बाद जब उसने शटर उठाकर स्टोर में रखा सामना चेक किया तो उसने पाया कि उसके स्टोर से 9 एसी गायब थे, जिनकी कीमत 2.61 लाख रुपए है। फिर आनन-फानन में जब उसने दुकान की सीसीटीवी फुटेज चेक को किया तो उसने पाया कि एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान के स्टोर से एसी लेकर बाहर निकल रहा था।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी राकेश सिंह ने बताया कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम दुकान के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।