कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में युवाओं के बीच तेजी से फैलते नशे ने चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच पुलिस भी तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रही है। इसी कड़ी में कुल्लू और मनाली में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा और गांजा बरामद किया गया है और पुलिस अब नशे के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

मनाली के होटल में दबिश, राजस्थान के दो युवक गिरफ्तार

पहला मामला मनाली का है। पुलिस थाना मनाली की टीम को सूचना मिली थी कि सिमसा क्षेत्र के एक होटल में नशे का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में दबिश दी और कमरे की तलाशी ली।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टे ने छिनी एक और जिंदगी- खेतों में मिली युवक की देह, पास पड़ी थी सिरिंज

दो युवकों से चिट्टा बरामद

तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद राजस्थान के दो युवकों के कब्जे से 15.140 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि यह नशा वे कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : मौ.त के बाद भी समाज के काम आए सीताराम, दान किया शरीर- बेटों ने ऐसे दी अंतिम विदाई

कुल्लू में हमीरपुर का युवक भी पकड़ा गया

दूसरे मामले में कुल्लू पुलिस ने एक युवक को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अक्षय निवासी जीण (नादौन), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से 0.43 ग्राम चिट्टा और 1.55 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

यह भी पढ़ें : बजट सत्र से पहले CM ने बुलाई कैबिनेट बैठक : आज कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

एसपी कुल्लू मदन लाल ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें