#अपराध
March 7, 2026
हिमाचल में चिट्टे ने छिनी एक और जिंदगी- खेतों में मिली युवक की देह, पास पड़ी थी सिरिंज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। भदसाली गांव के पास पुल के नजदीक खेत किनारे एक युवक मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मौके पर जांच के दौरान पुलिस को शव के पास से एक बाइक, एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। युवक के शरीर पर किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन उसकी नाक से झाग निकल रहे थे। इसी आधार पर पुलिस ओवरडोज की संभावना मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि भदसाली में पुल के पास खेतों में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी के एएसआई चैन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान युवक की पहचान पंजाब के रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब थाना क्षेत्र के हरियाल गांव निवासी विशाल कुमार उर्फ शैली (23) पुत्र अमरजीत सिंह के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गर्मी का असर तेज : तीन जिलों में हीट वेव का अलर्ट; जानें कब होगी बारिश-बर्फबारी
सूचना मिलने पर डीएसपी हरोली मोहन रावत और थाना प्रभारी सुनील कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखवाया गया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।