चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा जिले में नशे के एक बड़े अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है, जिसने सबको चौंका दिया है। ड्रग्स कंट्रोल विभाग की इस कार्रवाई से पता चला है कि यह कोई छोटा-मोटा मामला नहीं, बल्कि एक पूरा संगठित नेटवर्क है, जिसकी जड़ें मुंबई तक फैली हुई हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

नशे की हो रही थी सप्लाई

मामला जिला चंबा के जुलाहकड़ी इलाके का है। यहां पर अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहला आरोपी हरमीत है, जो चंबा शहर के जुलाहकड़ी इलाके का रहने वाला है। उसे 17 अप्रैल को पकड़ा गया। दूसरा आरोपी मोहम्मद अहमद है, जिसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से मुंबई में रहकर वहीं से चंबा तक प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई कर रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस में नया फॉर्मूला लागू- काम न करने पर छोड़नी होगी कुर्सी, कई नेताओं पर मंडराया संकट

कुरियर के साथ पकड़ा गया युवक 

दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत 1 दिसंबर 2025 को हुई थी। उस दिन हरमीत के घर एक कुरियर के जरिए प्रेगाबालिन और टैपेंटाडोल जैसी दवाओं की बड़ी खेप पहुंची। ये दवाइयां आम तौर पर मेडिकल इस्तेमाल के लिए होती हैं, लेकिन इनका गलत इस्तेमाल नशे के तौर पर भी किया जाता है।

 नकली दवाइयों का हो रहा था कारोबार 

ड्रग्स कंट्रोल विभाग को इस बारे में पहले ही सूचना मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने छापेमारी कर पूरी खेप को बरामद कर लिया। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई, बरामद दवाओं में से एक प्रोडक्ट नकली भी निकला। इससे यह साफ हो गया कि यह नेटवर्क सिर्फ अवैध सप्लाई ही नहीं, बल्कि नकली दवाइयों के कारोबार से भी जुड़ा हुआ है, जो लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गर्मी का प्रकोप तेज, 4 दिन बाद बारिश देगी राहत- मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मुंबई से जुड़ा था नशे के नेटवर्क  

आगे की पूछताछ में पता चला कि हरमीत इन दवाइयों को स्थानीय स्तर पर युवाओं को बेचता था और धीरे-धीरे उन्हें नशे की लत लगा रहा था। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने मुंबई कनेक्शन का खुलासा किया। इसी सुराग के आधार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अहमद को मुंबई से गिरफ्तार किया, जो इस सप्लाई चेन का अहम हिस्सा था और लंबे समय से यह काम कर रहा था।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में करेंगे पेश

दोनों आरोपियों को चंबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें : भैंस ढूंढने UP पहुंची हिमाचल पुलिस- 48 घंटे में सुलझाया मामला, दो लोग गिरफ्तार

हो सकती हैं और लोगों की गिरफ्तारियां 

ड्रग्स कंट्रोल विभाग के मुताबिक, इस केस में अभी और भी लोग शामिल हो सकते हैं। करीब 5 से 6 संदिग्ध लोगों की पहचान की जा चुकी है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होना तय माना जा रहा है।

35 मामले हो चुकें हैं दर्ज 

अगर पिछले आंकड़ों पर नजर डालें, तो चंबा जिले में पिछले दो सालों में नशे से जुड़े करीब 35 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अब इन सभी मामलों की दोबारा जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ये सभी केस भी इसी बड़े नेटवर्क से तो जुड़े नहीं हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें