#यूटिलिटी
April 21, 2026
हिमाचल में गर्मी का प्रकोप तेज, 4 दिन बाद बारिश देगी राहत- मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
घर से बाहर निकलना हुई मुश्किल, पारा 38 डिग्री पार
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। प्रदेश भर में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक राज्य में आसमान साफ रहेगा। इससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
दिन के समय धूप इतनी तेज हो सकती है कि खासकर मैदानी इलाकों में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। पहले से ही गर्मी झेल रहे क्षेत्रों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।
वहीं, मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी गर्मी का असर साफ दिखेगा- जहां दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों की बात करें तो वहां मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा, लेकिन ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।
हाल ही में बारिश और बर्फबारी के कारण लाहौल स्पीति के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान अब भी शून्य के आसपास बना हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर कम होगा और मैदानी क्षेत्रों में रातें भी गर्म महसूस होने लगेंगी।
इस बीच राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 अप्रैल की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से 25 और 26 अप्रैल को मौसम फिर करवट ले सकता है। खासतौर पर 26 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे बढ़ती गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।