चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा से गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। चुराह क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक पर आरोप है कि उसने छात्रा को गलत तरीके से स्पर्श (बैड टच) किया जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कैसे सामने आई घटना ?
जानकारी के अनुसार ये घटना शुक्रवार की है। पीड़ित छात्रा ने साहस दिखाते हुए स्कूल में हुई इस आपबीती के बारे में अपने पिता को बताया। छात्रा ने आरोप लगाया कि स्कूल के एक शिक्षक ने उसे गलत इरादे से छुआ। बेटी की बात सुनकर पिता ने तुरंत इस घटना की सूचना स्कूल के प्रधानाचार्य और स्कूल की यौन उत्पीड़न समिति के अध्यक्ष को दी।
यह भी पढ़ें : HRTC बस बनी 'लेबर रूम': गूंजी नन्ही बच्ची की किलकारी- गर्भवती के लिए फरिश्ता बनी सवारियां
प्रशासन-पुलिस की कार्रवाई
मामला गंभीर होते ही स्कूल प्रबंधन ने इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट जिला शिक्षा उप निदेशक (चंबा) को भेजी। शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रशासन को तुरंत पुलिस में FIR दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उच्चाधिकारियों के आदेश मिलते ही स्कूल के प्रधानाचार्य ने नकरोड़ पुलिस चौकी में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
SP चंबा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा- प्रधानाचार्य की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पीड़ित छात्रा और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि सच्चाई सामने आ सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गैस का 'हाहाकार': ढाबों पर लटके ताले, इंडक्शन की बिक्री में 10 गुना उछाल
स्थानीय लोगों में भारी रोष
इस घटना के बाद स्कूल के अन्य अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों में बच्चे सुरक्षित नहीं रहेंगे तो वे कहां जाएंगे ? ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी शिक्षक को तुरंत पद से निलंबित किया जाए और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके।
