धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच आए दिन बड़ी-बड़ी खेप पकड़ी जा रही हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर इस अवैध कारोबार को जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है,जहां पुलिस ने एक ऐसे तस्कर को गिरफ्तार किया है जो अपने ही घर से नशे का कारोबार चला रहा था। बड़ी बात यह है कि शातिर पवित्रता की आड़ में जहर बेचने का काम कर रहा था।

मंदिर में छिपा रखा था मौत का सामान

हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने नशे की इस खेप को छिपाने के लिए अपने घर के आंगन में बने मंदिर का सहारा लिया था। बुधवार सुबह जब पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तरसूह निवासी शेरू राम (42) के घर पर अचानक दबिश दी, तो आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसे मुस्तैद जवानों ने नाकाम कर दिया।

 

तलाशी के दौरान पुलिस उस वक्त दंग रह गई जब घर के अंदर बेड के अलावा आंगन में स्थित मंदिर से 12.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और नशीले कैप्सूल (ट्रामाडोल) बरामद हुए। इसके अलावा 42,150 रुपये की नकदी भी जब्त की गई, जिसे नशे के कारोबार से जुड़ा माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : दूसरी शादी कर रही थी पत्नी, बच्चों के साथ मंडप में पहुंचा पहला पति- हुआ हंगामा

पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरे घर की तलाशी ली गई और नशे का सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कबाड़ का काम करता है और उसके खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही हैए ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- हिमाचल का गुड्डू हरियाणा में गिरफ्तार : 4 साल से ढूंढ रही थी पुलिस, जेल में बैठे साथी ने बताया ठिकाना

पुलिस की सख्त कार्रवाई, अब संपत्ति होगी जब्त

कांगड़ा पुलिस के अनुसार इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 22 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी कांगड़ा के नेतृत्व में पुलिस अब न केवल तस्करों को जेल भेज रही है, बल्कि उनकी अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हाल ही में पुलिस ने पवन, रौली, निक्का और मामू जैसे बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे भेजकर इस नेटवर्क की कमर तोड़ने का प्रयास किया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें