मंडी। हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट में हुए छात्रा सिया हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार भी हरकत में आ गई है। मंगलवार देर शाम विक्रमादित्य सिंह खुद नैण गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विक्रमादित्य का सिया के परिवार को भरोसा
इस दौरान मंत्री विक्रमादित्य ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस संवेदनशील मामले का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा- ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
यह भी पढ़ें : सरकाघाट छात्रा ह*त्याकांड : पुलिस रिमांड में आरोपी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में करवाना पड़ा भर्ती
बेटी को मिलकर रहेगा न्याय
मंत्री ने परिजनों से कहा कि पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतेगी और दोषी को सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
लोगों का फूटा गुस्सा
हालांकि, जैसे ही विक्रमादित्य सिंह नैण गांव पहुंचे, वहां मौजूद लोगों का गुस्सा भी खुलकर सामने आ गया। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए कई सवाल उठाए और घटना को लेकर संदेह जताया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल दिवस पर CM ने बदला अपना ही फैसला- अब नहीं कटेगी अफसरों की सैलरी, दी बड़ी राहत
दराट से हमला कर की हत्या
लोगों का कहना था कि आरोपी पहले किसी दूसरी दिशा से आता दिखाई दिया था। जबकि सिया बस स्टॉप पर खड़ी थी और उसी रास्ते से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी और सिया के बीच करीब 20 मीटर की दूरी थी, जिसके बाद उसने अचानक उसे निशाना बनाया और दराट से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका
ग्रामीणों ने इस घटना के पीछे किसी और कारण या साजिश की आशंका भी जताई और मांग की कि पुलिस इस एंगल से भी गहराई से जांच करे। इस पर मंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी तथ्य या जानकारी सामने आती है, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा किया जाए।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू का मास्टरस्ट्रोक : महिलाओं पर की पैसों की बारिश, पुलिस कर्मियों को भी दिया बड़ा तोहफा
हर पहलु की बारीकी से जांच
वहीं, मौके पर मौजूद DSP संजीव गौतम ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। विशेष रूप से यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात से चार-पांच घंटे पहले और उससे एक-दो दिन पहले आरोपी की गतिविधियां क्या थीं। पुलिस हर छोटे-बड़े पहलू को खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
10 लाख की आर्थिक मदद
वहीं, सुक्खू सरकार का कहना है कि वो सिया के परिवार को 10 लाख की आर्थिक मदद देगी। पीड़ित परिवार की दोनों बच्चियों का भी खर्च सरकार ही उठाएगी। साथ ही दोषी को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : सरकाघाट छात्रा केस: आरोपी की मां बोली- बेटे को फां*सी की सजा भी मंजूर, परिवार सच के साथ
19 साल की सिया की बेरहमी से की थी हत्या
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकाघाट में बीते रोज सोमवार की सुबह घर से कॉलेज जा रही छात्रा सिया का एक सिरफिरे ने दराट से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया था।
