#अपराध
April 15, 2026
सरकाघाट छात्रा केस: आरोपी की मां बोली- बेटे को फां*सी की सजा भी मंजूर, परिवार सच के साथ
सुबह-सवेरे कॉलेज जा रही सिया को मिली भयानक मौ*त
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट में हुए 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना के बीच आरोपी विकास पटियाल के परिवार की ओर से भी स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आई है।
आरोपी की मां सुनीता देवी ने खुलकर कहा कि उनका परिवार पीड़ित छात्रा और उसके परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि अगर उनका बेटा दोषी साबित होता है- तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। फिर चाहे वो फांसी ही क्यों ना हो।
एक मां के इस बयान ने लोगों को भावुक भी किया और यह संदेश भी दिया कि न्याय से ऊपर कोई नहीं है। हालांकि, सुनीता देवी ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी साजिश की आशंका भी जताई है।

उन्होंने प्रशासन और स्थानीय लोगों से अपील की है कि मामले की गहराई से जांच की जाए- ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके। उन्होंने बताया कि जब उन्हें अपने बेटे पर हत्या के आरोप की जानकारी मिली, तो वह खुद भी सदमे में आ गईं। इस घटना को स्वीकार करना उनके लिए बेहद कठिन है।
उन्होंने बताया कि उनके पति कंवर सिंह गांव गध्याणी में अपने पुश्तैनी घर में रहते हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। परिवार में दो बेटे हैं-आरोपी विकास, जिसकी उम्र 32 वर्ष है और वह अविवाहित है। विकास ने 12वीं के बाद फिटर ट्रेड में ITI की पढ़ाई की थी और कुछ समय तक लुधियाना में काम भी किया। मगर पिछले करीब दो साल से वह घर पर ही रह रहा था। छोटा बेटा लुधियाना में काम करता है।

मां के अनुसार, विकास का स्वभाव सामान्य था और वह किसी से झगड़ा नहीं करता था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी गंभीर नशे का आदी नहीं था, हालांकि भांग का सेवन करता था।
वह रोजाना घर से मामूली खर्च के लिए पैसे लेता था और अधिकतर समय घर के आसपास ही रहता था। सुनीता देवी ने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से उसके व्यवहार में बदलाव देखने को मिला था- वह कम बोलने लगा था और अक्सर चुप-चुप रहता था।

उन्होंने यह भी कहा कि विकास कभी किसी लड़की को परेशान नहीं करता था और परिवार के दबाव के बावजूद शादी के लिए तैयार नहीं हुआ। ऐसे में अचानक सामने आए इस गंभीर आरोप ने पूरे परिवार को भीतर तक हिला दिया है।
गौरतलब है कि इस हत्याकांड के बाद आरोपी के नशेड़ी होने की बातें भी सामने आई थीं। मगर मां ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने एक बार फिर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि उनका परिवार न्याय और सच्चाई के साथ खड़ा है।
फिलहाल, पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अभी तक किसी साजिश के ठोस संकेत सामने नहीं आए हैं, लेकिन जांच जारी है। इस पूरे घटनाक्रम में जहां एक ओर एक मासूम छात्रा की मौत ने समाज को झकझोर दिया है, वहीं दूसरी ओर आरोपी की मां का बयान यह दर्शाता है कि न्याय की मांग हर पक्ष से उठ रही है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकाघाट में बीते रोज सोमवार की सुबह घर से कॉलेज जा रही छात्रा सिया का एक सिरफिरे ने दराट से वार कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया था।

लोगों का आक्रोश बढ़ता गया और बीते रोज ही ग्रामीणों ने चक्का जाम कर आरोपी को तुरंत फांसी की सजा दिए जाने की मांग की थी। मंगलवार को 19 वर्षीय सिया को नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया।