हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर कई गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुकी है। इस पूरे मामले में हमीरपुर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान कर पूरे मामले की तकनीकी पड़ताल में जुटी है।
CM की तस्वीर से छेड़छाड़
आरोप है कि एक यूजर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मॉर्फ (छेड़छाड़ कर बनाई गई) तस्वीर साझा की और उसी टिप्पणी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बाइक से नशे की खेप लेकर जा रहे थे दो यार, हेलमेट में छिपाया था चिट्टा- हुए अरेस्ट
भाजपा विधायक की पोस्ट पर किया था कमेंट
बताया जा रहा है कि यह टिप्पणी भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट पर की गई थी। 2 दिन पहले सुधीर शर्मा ने एक पोस्ट की थी, जिसके कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने तस्वीर पोस्ट की। पोस्ट के वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया।
कांग्रेस ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद कांग्रेस के हमीरपुर जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने सदर थाना हमीरपुर में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने BNS की धारा 353 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला : बुढ़ापे में सेवा नहीं की तो लौटानी पड़ेगी जमीन...
सोशल मीडिया अकाउंट की हो रही जांच
पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और उससे जुड़े अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
