हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक हादसे का रूप ले लिया। भोरंज क्षेत्र के लजयाणी गांव में पिता-पुत्र के बीच हुए झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने आई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
काम को लेकर आपस में भिड़े पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब 25 वर्षीय बेटे के देर से घर लौटने पर पिता श्याम लाल ने उसे टोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में पंजाब से रेत-बजरी लाना होगा महंगा : एंट्री पर देना होगा टोल, सरकार को करोड़ों का फायदा
बचाव करने आई मां को लगा धक्का
माहौल बिगड़ता देख घर में मौजूद श्याम लाल की मां रतनी देवी दोनों को शांत कराने के लिए आगे आईं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान धक्का-मुक्की में रतनी देवी संतुलन खो बैठीं और जमीन पर गिर गईं।
मां की मौके पर हुई मौत
गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसे वापस भेजना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में पंचायत चुनाव का काउंटडाउन : आज-कल में लगेगी आचार संहिता, 26 मई तक होगी वोटिंग
रात को घर पहुंची पुलिस
देर रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। शुरुआती जांच में मामला पूरी तरह घरेलू विवाद से जुड़ा पाया गया है, जो अचानक उग्र हो गया।
तीन बेटियां, एक बेटा
परिवार के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक, श्याम लाल की तीन बेटियां और एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे साहिल शर्मा की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई है। वह पेशे से पिकअप वाहन चालक है और घटना वाले दिन काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : देव अनुष्ठान में चली गो*ली पर बड़ा अपडेट- नहीं थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, कटघरे में प्रशासन
अकसर होता था मनमुटाव
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि पिता और पुत्र के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
फिलहाल, पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण तो नहीं जुड़े हैं।
