शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में आस्था की यात्रा के दौरान मौसम और ऊंचाई ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। केलांग क्षेत्र में पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान बर्फबारी के बीच दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

दो महिला श्रद्धालुओं की मौत

इस दौरान बर्फ पर फिसलने, अत्यधिक ठंड और ऊंचाई से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते कई अन्य श्रद्धालु भी घायल और बीमार हुए हैं। घायलों में बुजुर्गों और बच्चों के शामिल होने की भी जानकारी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP विधायक के बयान से सियासी हलचल, बोले- सांसदों में दम नहीं; CM को सराहा

बर्फबारी के बीच मुश्किल हुई परिक्रमा

गुरुवार को ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान मौसम अचानक चुनौती बन गया। ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी के कारण रास्ते फिसलन भरे हो गए। इसी दौरान कई श्रद्धालु संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हुए।

हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण

इसके अलावा अधिक ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के कारण कुछ श्रद्धालुओं में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण भी सामने आए। कड़ाके की ठंड में लंबे समय तक रहने से हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इस धार्मिक परिक्रमा में करीब ढाई हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेन शेल्टर में ग्राहक का इंतजार कर रहा था निखिल, पुलिस ने ढेर सारे चिट्टे संग दबोचा

पोस्टमार्टम से साफ होगी वजह

परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि क्षेत्रीय अस्पताल केलांग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने की है।दोनों मृत कों के शव पोस्टमार्टम के लिए रखे गए हैं। चिकित्सकों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

घायल श्रद्धालु केलांग अस्पताल पहुंचे

परिक्रमा से लौटने के बाद चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी झेल रहे कई श्रद्धालुओं को क्षेत्रीय अस्पताल केलांग लाया गया। अस्पताल में बर्फ पर फिसलने से घायल हुए लोगों के साथ-साथ ऊंचाई से संबंधित समस्याओं वाले श्रद्धालुओं का भी उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में पहुंचने वालों में बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : देर रात खाई में समाई बोलेरो, 18 वर्षीय कविता ने मौके पर तोड़ा दम- चालक घायल

ऊंचाई पर स्वास्थ्य और मौसम दोनों बड़ी चुनौती

ड्रिलबुरी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धार्मिक यात्रा के दौरान मौसम तेजी से बदल सकता है। कम तापमान और ऑक्सीजन की कमी शरीर पर असर डाल सकती है। ऐसे में बर्फबारी के दौरान फिसलन और अत्यधिक ठंड स्थिति को और मुश्किल बना देती है।

परिजनों में चिंता का माहौल

घटना के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। ऊंचाई वाले धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए मौसम की स्थिति, अपनी स्वास्थ्य क्षमता और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें