#हादसा
September 17, 2026
हिमाचल : देर रात खाई में समाई बोलेरो, 18 वर्षीय कविता ने मौके पर तोड़ा दम- चालक घायल
22 साल का युवक चला रहा था गाड़ी
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कुल्लू-मनाली सड़क पर वामतट के पास एक बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव के बाद मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसा देर रात कुल्लू-मनाली मार्ग के वामतट क्षेत्र के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय आर्दश पुत्र हेमराज, निवासी पालगी गड़सा और 18 वर्षीय कविता पुत्री देवी राम, निवासी घोट, पंचायत काईसा, बोलेरो कैंपर में सवार होकर भडोगी गांव की तरफ जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान बोलेरो कैंपर वाहन संख्या HP-34F-5819 वामतट के समीप सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में कविता को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वाहन चालक आर्दश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं हादसे में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। वाहन सड़क से कैसे अनियंत्रित हुआ और हादसे के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
18 वर्षीय कविता की मौत की खबर के बाद उसके गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। इतनी कम उम्र में युवती की दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।