कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में इस बार बरसात कई घरों को उजाड़ दिया है। भारी बारिश से आई आपदा में कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। इसी कड़ी में अब एक दुखद खबर कांगड़ा जिले से सामने आई है- जहां पर पहाड़ी से गिर रहे पत्थर की चपेट में आने से एक जवान लड़के की मौत हो गई है।
जवान लड़के की मौत
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त युवक अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। मगर उसे क्या पता था कि रास्ते में काल उसका इंतजार कर रहा है। जवान बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें: देश के लिए मिसाल बना हिमाचल का ये जिला, DC से लेकर MLA तक सभी महिलाएं संभाल रहीं जिम्मा
स्कूटी से जा रहा था घर
मिली जानकारी के अनुसार, ये दुखद हादसा बीते कल दोपहर को शाहपुर उपमंडल के खड़ीबेही गांव के पास पेश आया है। बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से धर्मशाला गया हुआ था- जहां से वापस घर लौटते समय जब वो खड़ीबेही गांव के पास पहुंचा तो अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिर गया।
सिर पर गिरा बड़ा पत्थर
यह पत्थर सीधा युवक के सिर पर आ गिरा। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया और स्कूटी समेत जमीन पर गिर गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा उसे आनन-फानन में उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : ससंद में गरजे अनुराग ठाकुर, बोले- "1971 की जंग सेना ने जीती - इंदिरा गांधी ने मेज पर हरा दी"
सदमे में पूरा परिवार
मृतक की पहचान 24 वर्षीय गोविंद कुमार के रूप में हुई है- जो कि करीरी गांव का रहने वाला था। जवान बेटे की मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में माहौल गमगीन बना हुआ है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
दो महीने बाद थी शादी
बताया जा रहा है कि गोविंद परिवार का इकलौता बेटा था और महज दो महीने बाद गोविंद की शादी थी। इन दिनों गोविंद के घर पर शादी की तैयारियां चल रही थी। मगर जिस घर से बेटे की बारात निकलनी थी- अब उसी घर से बेटे की अर्थी उठेगी। एक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की सारी खुशियां उजाड़ दी हैं।
(NOTE: खबर लिखे जाने तक इतनी ही जानकारी मिल पाई थी, ज्यादा जानकारी मिलते ही खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।)
