चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां पर सलूणी उपमंडल में एक युवक की पानी में करंट लगने के कारण मौत हो गई है। युवक की उम्र महज 18 साल बताई जा रही है।
परिजनों ने खोया नौजवान बेटा
बताया जा रहा है कि युवक घर से अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने के लिए गया था। परिजनों को क्या पता था कि उनका बेटा ऐसी हालत में घर आएग। नौजवान बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना से ना सिर्फ परिजनों को बल्कि पूरे गांव वालों को झटका लगा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल इंजीनियर केस : पहले दोस्त, अब उसकी गर्लफ्रेंड अरेस्ट- सड़क किनारे तड़पता फेंका था जितेंद्र
क्रिकेट खेलने गया था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, डिभर गांव का रहने वाला 18 साल का युवक सुरेश कुमार अपने दोस्तों के साथ बरोटी गांव में क्रिकेट खेलने गया था। सब युवकों ने पहले क्रिकेट खेला और फिर वहां से घर लौटते वक्त युवक सियूल खड्ड में नहाने चला गया।
खड्ड में लगा करंट का झटका
युवक को पता नहीं था कि पानी में किसी ने बिजली की तार लगा रखी थी। पानी में जाते ही युवक करंट की चपेट में आ गया और बेसुध हो गया। युवक को बेसुध होता देख मौके पर मौजूद उसके भाई और जीजा उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल किहार लेकर पहुंचे। जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे से आ रही थी तेज बदबू, बेड पर पड़ी थी सड़ी-गली देह, चेहरा देख परिजनों के उड़े होश
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
नौजवान बेटे की मौत की बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मछलियां पकड़ने के लिए लगाई थी तार
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पाया गया है कि किसी ने मछलियां पकड़ने के लिए पानी में बिजली की तार लगाई थी। मगर ये पता नहीं चल पाया है कि तार लगाई किसने थे। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
