कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां पालमपुर के पास एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। HRTC की चलती बस से गिरने के बाद किशोरी पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

अचानक खुला बस का दरवाजा

जानकारी के अनुसार, अनामिका चंबा के होली क्षेत्र की रहने वाली थी। अनामिका अभी तीन दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाने के लिए गांव लटवाला में आई थी। बीते कल अनामिका अपनी बहन के साथ HRTC की बस में पालमपुर से धर्मशाला की ओर यात्रा कर रही थी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में आदित्य का अंतिम संस्कार आज, माता-पिता इकलौते बेटे को देंगे विदाई

जिस स्थान पर उसे उतरना था, उससे कुछ पहले ही यह हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस का दरवाजा अचानक खुल जाने से किशोरी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर जा गिरी।

पिछले टायर की चपेट में आई

इसके बाद वह बस के पिछले टायर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नागरिक चिकित्सालय पालमपुर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून से पहले मौसम हुआ बेकाबू : बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट, अगले 2 दिन भारी

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

परिवार और क्षेत्र में शोक

DSP पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, अनामिका के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें