सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन स्थित नालागढ़ की सड़कों पर एक बार फिर रफ्तार ने दो जिंदगियां निगल लीं। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो हादसों ने न सिर्फ परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब थमेगी ये लापरवाह ड्राइविंग की रफ्तार।
पंजेहरा-नालागढ़ रोड पर पहला हादसा, मौके पर मौत
पहला दर्दनाक हादसा दोलोवाल महादेव के पास पंजेहरा-नालागढ़ सड़क पर सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप चालक ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार जस्सी उर्फ जसविन्द्र, निवासी गांव बासोवाल सुल्तानी, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : कांगड़ा किला फतह करने को अनुराग-जयराम ने इन नेताओं के साथ बंद कमरे में की बैठक, बनाई चुनावी रणनीति
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, घटनास्थल की तस्वीरें लीं और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।
सरसा पुल पर दूसरी टक्कर बनी जानलेवा
दूसरा हादसा सरसा नदी पुल, जगातखाना के पास हुआ, जहां एक कार चालक ने गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दिलप्रीत सिंह, निवासी बैहरमपुर को गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में कार चालक की पहचान विकास, निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया, घर के पास मिली महिला की देह; शराब ने उजाड़ा परिवार
पुलिस जांच जारी, एक आरोपी फरार
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में आरोपी चालक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है, जबकि दूसरे मामले में आरोपी की पहचान हो चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दामाद के साथ बाइक पर निकली थी सास, अचानक हो गई अनहोनी; थमी सांसें
सड़क पर लापरवाही बनी सबसे बड़ा खतरा
इन दोनों हादसों ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी सड़कों को मौत का मैदान बना रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
