लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंबा के बाद लाहौल-स्पीति जिले से एक और दुखद खबर सामने आई है। यहां कोकसर के पास पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे मां और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।

वाटरफॉल के पास रोकी गाड़ी

जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोकसर से करीब चार किलोमीटर दूर धारा वाटरफॉल के समीप हुआ। गुरुग्राम, हरियाणा से आए पर्यटक मनाली से अटल टनल के रास्ते रोहतांग दर्रा घूमने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने धारा वाटरफॉल के पास अपनी कार रोक दी। चालक समेत कुछ लोग वाहन से बाहर निकल गए, जबकि कार में दो महिलाएं और एक बच्चा मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में बड़ा हाद.सा- 3 सगे भाइयों समेत पत्नियों की मौ.त, ड्राइवर ने भी मौके पर ही तोड़ा दम

अचानक ढलान पर फिसली कार

बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार अचानक ढलान पर फिसल गई और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को मनाली अस्पताल पहुंचाया।

 

मां और मासूम बेटे की नहीं बच सकी जान

मनाली अस्पताल में चिकित्सकों ने 26 वर्षीय तनु कुमारी, पत्नी दीपक कुमार सिंह और उनके 11 माह के बेटे दक्ष कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों गुरुग्राम, हरियाणा के रहने वाले थे। हादसे में घायल 52 वर्षीय सविता देवी, निवासी वैशाली (बिहार), का उपचार मनाली के सिविल अस्पताल में चल रहा है।

यह भी पढ़ें- चलती HRTC बस से गिरी 14 वर्षीय छात्रा, टायर की चपेट में आने से मौत- छुट्टियों में आई थी घर

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच में वाहन के फिसलकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें