ऊना। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने पहुंचते हैं। लेकिन कई बार सफर के दौरान ऐसे हादसे हो जाते हैं, जो लोगों की चिंता बढ़ा देते हैं। ऐसा ही एक मामला ऊना जिले से सामने आया है, जहां दिल्ली से आए पर्यटकों की सियाज कार अचानक आग की चपेट में आ गई। कार में तीन लोग सवार थे। 

बोनट से धुआं निकलते ही रोकी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर नंदपुर से सामने आया है। यहां पर बीते कल शनिवार दिल्ली के तिलक नगर निवासी अनीश कुमार, अंशुल मित्तल और चंद्र चोपड़ा श्री बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेकने आए थे। शनिवार रात तीनों अपनी कार से वापस दिल्ली लौट रहे थे।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल को दी बड़ी राहत: करोड़ों के बजट को दी मंजूरी; जानें कहां होगा खर्च

 

रात करीब 12:30 बजे जब वे नंदपुर पहुंचे तो अचानक कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। यह देखते ही चालक ने बिना देरी किए गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। इसके बाद तीनों लोग तुरंत कार से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में कार में आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।

पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची

कार में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ी को भी बुलाया गया, लेकिन जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर महंगा हुआ LPG सिलेंडर, दिवाली से पहले लगा महंगाई का झटका; जानें कितने बढ़े दाम

कार में सवार तीनों पर्यटक सुरक्षित

DSP अंब अनिल पटियाल ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे और तीनों सुरक्षित हैं। हादसे में किसी को चोट नहीं आई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।