हमीरपुर। जिला हमीरपुर के थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत हमीरपुर फोरलेन पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। भूंपल के पास सुकराला नाले के पुल पर दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई जबकि दोनों वाहनों में सवार तीन बच्चों सहित 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और चीख-पुकार मचने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ज्वालामुखी जा रहा था दिल्ली का परिवार

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली का रहने वाला एक परिवार हमीरपुर के हीरानगर में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया हुआ था। शुक्रवार शाम को ये परिवार अर्टिगा कार में सवार होकर दर्शनों के लिए ज्वालामुखी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुकराला नाले के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार कार से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर ही फंस कर रह गए।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: भूकंप के तेज झटकों से दहली देवभूमि, घरों से बाहर निकले घबराए लोग- 5.0 रही तीव्रता

रास्ते में ही तोड़ा दम, घायलों की स्थिति गंभीर

स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्भाग्यवश अर्टिगा कार में सवार दिल्ली निवासी पदमा देवी (पत्नी विजय कुमार) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज (टांडा) रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

घायलों की सूची:

इस भीषण हादसे में दोनों तरफ के लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं:

  • अर्टिगा कार (दिल्ली का परिवार): विजय कुमार, विनय कुमार, मानवी, बुल्लो और माल्या देवी।
  • बच्चे: सांची, सानया और वान्या (तीनों मासूम बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं)।
  • दूसरी कार के सवार: चिराग और अक्षित।

यह भी पढ़ें: हिमाचल के किसानों पर मेहरबान हुई मोदी सरकार, इस परियोजना के लिए दी करोड़ों की राशि

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही नादौन थाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और यातायात प्रभारी नरेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।