सोलन। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। लगभग हर दिन किसी न किसी हादसे में लोगों की जान जा रही है। इसी बीच सोलन जिले से एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
थार में एक प्रशिक्षु डॉक्टर था सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला सोलन के सुल्तानपुरम-झोली मार्ग पर आज वीरवार सुबह करीब 4 बजे पेश आया है। बताया जा रहा है कि गाड़ी में एक प्रशिक्षु डॉक्टर सवार था जो सुल्तानपुर-मझोली मार्ग से गुजर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में फैला माफिया राज: BJP ने विधानसभा में किया प्रदर्शन; सुक्खू सरकार को बताया जिम्मेदार
गहरी खाई में जा गिरी थार
अचानक वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। घटना के समय अंधेरा होने के कारण किसी को तुरंत इसका पता नहीं चल पाया।
पुलिस को दी हादसे की सूचना
सुबह होते ही स्थानीय लोगों को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। मृतक छात्र ऊना का निवासी बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में नहीं मिल रहा सिलेंडर : विधानसभा में विधायकों के लिए लकड़ियों पर बन रहा खाना
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
