शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। 

देर रात खाई में गिरा कार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला शिलमा के नेरवा थाना क्षेत्र के तहत ग्राम संधणू के पास पेश आया है। यहां पर बीते कल सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे एक कार अचानक सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब 12 नहीं... पूरे 15 साल दौड़ेंगी टूरिस्ट टैक्सियां, सुक्खू सरकार ने दी ऑपरेटरों को राहत

हादसे के समय कार में सवार थे दो लोग

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार (HP-08A-6406) में दो लोग सवार थे। कार को 31 वर्षीय मनोज सूर्यवंशी चला रहे थे, जो ग्राम बरमाना, डाकघर थरोच, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रहने वाले थे। उनके साथ 48 वर्षीय बलबीर भी कार में मौजूद थे, जो गांव मोकिना, तहसील नेरवा के निवासी बताए जा रहे हैं।

चालक मनोज सूर्यवंशी की मौके पर मौत

हादसा इतना गंभीर था कि कार के गहरी खाई में गिरने के बाद चालक मनोज सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार बलबीर हादसे में घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बादल फटने से हाहाकार : बाढ़ में बहे कई मकान, लोगों की चीखों से दहला इलाका

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नेरवा पुलिस

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना नेरवा की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और हादसे से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन का भी निरीक्षण किया और घटना की पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने मृतक मनोज सूर्यवंशी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट- देसी घी 50 रुपये महंगा, अब इतने में मिलेगा..

हादसे की असली वजह जानने में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की सही वजह सामने आ पाएगी। मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।