शिमला। चंडीगढ़ के एक होटल में हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने तीन दोस्तों के साथ गाड़ियों की सर्विस से जुड़ा सामान खरीदने के लिए चंडीगढ़ आया था।
दोस्तों के साथ शॉपिंग करने गए युवक की मौत
रात को होटल में ठहरने के बाद मंगलवार सुबह वह कमरे में बेसुध मिला। साथियों ने उसे जगाने की काफी कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- मंत्री विक्रमादित्य को नाराज करना पड़ा भारी, सरकार ने भी लिया एक्शन- 3 अधिकारियों पर गिरी गाज
चंडीगढ़ के होटल में पड़ा मिला
पुलिस युवक को सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिमला जिले के रझाना निवासी संदीप धीमान के रूप में हुई है। संदीप की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सुबह दोस्तों ने जगाया
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे संदीप अपने तीन दोस्तों के साथ गांव दड़वा स्थित एक होटल में रुका था। मंगलवार सुबह उसके तीनों दोस्त तैयार होकर उठ चुके थे और उन्होंने संदीप को जगाने की कोशिश की। काफी देर तक आवाज लगाने और उठाने की कोशिश के बावजूद जब उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो साथी घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट- देसी घी 50 रुपये महंगा, अब इतने में मिलेगा..
दोस्त ले गए अस्पताल
सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को तत्काल सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
शरीर पर नहीं मिले किसी चोट के निशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संदीप के शरीर पर मारपीट, चोट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मौत किसी बीमारी, हार्ट अटैक, जहरीले पदार्थ या किसी अन्य कारण से हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मौसम का कहर जारी- स्कूल बंद रखने की निर्देश, आज कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। संदीप के साथ आए तीनों दोस्तों और होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चंडीगढ़ पहुंचने के बाद चारों युवक कहां-कहां गए, होटल आने से पहले उनकी गतिविधियां क्या थीं और आखिरी बार संदीप को किस स्थिति में देखा गया था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
इसके अलावा होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
