मंडी। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों की कई वजहें सामने आती हैं। कभी तेज रफ्तार हादसे का कारण बनती है, तो कभी वाहनों में आई तकनीकी खराबी लोगों की जान पर भारी पड़ जाती है। ऐसा ही एक सड़क हादसा जिला मंडी से सामने आया है। यहां एक HRTC बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

लडभड़ोल से दोपहर 3:15 बजे चली थी बस

जानकारी के अनुसार, HRTC की यह बस अपने तय समय के मुताबिक दोपहर करीब 3:15 बजे लडभड़ोल से गंगोटी के लिए रवाना हुई थी। बस जब वापस लौट रही थी, तो शाम करीब 4 बजे रैंस के पास अचानक उसमें प्रेशर खत्म हो गया। इसके बाद बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में BJP और SFI में झड़प : DC ऑफिस के बाहर धक्कामुक्की से बढ़ा तनाव, कांग्रेस भड़की

चालक ने दीवार से टकराकर रोकी बस

ब्रेक फेल होने का पता चलते ही चालक ने बिना घबराए समझदारी से काम लिया। उसने बस को सड़क किनारे बनी एक दीवार से टकरा दिया। टक्कर के बाद बस पलट गई, लेकिन चालक के इस फैसले से बस गहरी खाई में गिरने से बच गई। अगर समय रहते बस को नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

बस में सवार थीं महिला, बच्चियां और युवतियां

हादसे के समय बस में एक महिला, दो छोटी बच्चियां और दो युवतियां सवार थीं। बस पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी सवारियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया।

यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया की ताकत....परिजनों को दो दिन में मिला बेटा, ब्रजेश्वरी मंदिर से हुआ था लापता

तकनीकी खराबी की जांच में जुटा HRTC

मंडलीय प्रबंधक HRTC धर्मशाला पंकज चड्ढा ने बताया कि बस पलटने की घटना की जानकारी मिली है। मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बस में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और ब्रेक फेल होने के पीछे क्या कारण था।