#विविध

July 22, 2026

हिमाचल में BJP और SFI में झड़प : DC ऑफिस के बाहर धक्कामुक्की से बढ़ा तनाव, कांग्रेस भड़की

भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर साधा निशाना

शेयर करें:

Himachal Pradesh news

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार दोपहर डीसी कार्यालय के बाहर उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों संगठन अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और धक्कामुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस ने समय रहते संभाला मामला

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को एक-दूसरे से अलग किया और प्रदर्शनकारियों को आमने-सामने आने से रोक दिया। पुलिस की तत्परता के चलते मामला अधिक नहीं बढ़ा और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दर्दनाक हाद.सा : ट्रक और कार की आपस में टक्कर, एक ने तोड़ा दम; 3 गंभीर

छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर रही थी SFI

एसएफआई कार्यकर्ता दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। संगठन का आरोप है कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। एसएफआई ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर साधा निशाना

दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध कर रहे थे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं, संवैधानिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंसा में दिल्ली पुलिस के 118 से अधिक जवान घायल हुए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया की ताकत....परिजनों को दो दिन में मिला बेटा, ब्रजेश्वरी मंदिर से हुआ था लापता

सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी

दोनों संगठनों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए डीसी कार्यालय परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने दोनों संगठनों के प्रदर्शन को अलग-अलग स्थानों पर जारी रखने की व्यवस्था की। कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख