#विविध
July 22, 2026
सोशल मीडिया की ताकत....परिजनों को दो दिन में मिला बेटा, ब्रजेश्वरी मंदिर से हुआ था लापता
पुलिस ने रात 10 बजे युवक को किया रेस्क्यू
शेयर करें:

कांगड़ा। सोशल मीडिया आज के दौर में सिर्फ लोगों से जुड़ने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि कई बार यह किसी बिछड़े हुए व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाने में भी बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसा ही एक मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां परिवार से बिछड़ा एक 24 साल का युवक दो दिनों तक लापता रहा। परिजन उसकी तलाश में परेशान थे और पुलिस भी युवक को ढूंढने में जुटी हुई थी।
इसी बीच सोशल मीडिया और वेब मीडिया पर चल रही युवक की गुमशुदगी की खबर ने उसकी तलाश को नई दिशा दी। समीरपुर गांव के जागरूक लोगों ने खबर देखकर युवक को पहचान लिया और तुरंत उसके परिवार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
युवक के मिलने की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात करीब 10 बजे युवक को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और उसके परिवार को सौंप दिया। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। पिछले दो दिनों से परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे और काफी परेशान थे।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद निवासी युवक अपने परिवार के साथ कांगड़ा स्थित शक्तिपीठ माता श्री ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने आया था। इसी दौरान वह किसी तरह अपने परिवार से बिछड़ गया। बताया जा रहा है कि युवक की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं थी, जिसके चलते वह परिवार से अलग होकर दूसरी दिशा में चला गया।
युवक के अचानक लापता होने के बाद उसके परिवार ने उसकी काफी तलाश की। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसे ढूंढने के साथ-साथ पुलिस से भी मदद मांगी। कांगड़ा पुलिस ने भी युवक की तलाश में पूरा सहयोग किया। वहीं, सोशल मीडिया और अलग-अलग वेब मीडिया चैनलों पर युवक की गुमशुदगी की खबर और उसकी जानकारी साझा की गई।
इसी दौरान समीरपुर गांव के कुछ लोगों ने युवक को अपने गांव में देखा। जब ग्रामीणों ने सोशल मीडिया और वेब मीडिया पर चल रही खबरों में युवक की तस्वीर और जानकारी देखी तो उन्हें शक हुआ कि गांव में घूम रहा युवक वही लापता व्यक्ति है। इसके बाद ग्रामीणों ने खबर में दिए गए संपर्क नंबर पर फोन कर उसके परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस और युवक के परिजन समीरपुर गांव पहुंचे। वहां युवक की पहचान की गई और उसे सुरक्षित अपने साथ ले जाया गया। युवक के सकुशल मिलने के बाद परिवार की चिंता दूर हुई और सभी ने राहत की सांस ली।
युवक के परिवार ने कांगड़ा पुलिस, समीरपुर गांव के ग्रामीणों और उसकी गुमशुदगी की खबर को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया और वेब मीडिया के पत्रकारों का धन्यवाद किया। परिजनों ने कहा कि सभी लोगों की सतर्कता और सहयोग के कारण उनका बेटा सुरक्षित मिल सका। उन्होंने कहा कि अगर ग्रामीण सोशल मीडिया पर चल रही खबर को देखकर समय पर पहचान नहीं करते तो युवक को ढूंढने में और समय लग सकता था