कांगड़ा। रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहरी राज्यों से लोग हिमाचल का रुख करते हैं, लेकिन कई बार यहां हुए दर्दनाक हादसे उनके परिवारों को जिंदगी भर का दुख दे जाते हैं। ऐसा ही एक मामला जिला कांगड़ा से सामने आया है, जहां काम करने के दौरान एक 22 वर्षीय प्रवासी युवक की करंट लगने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घर में पेंट करते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश ने 7 जून को भवारना क्षेत्र में एक घर में पेंट करने का काम लिया था। वह रोज की तरह अपने काम में जुटा हुआ था। इसी दौरान घर के बिल्कुल पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तारों की चपेट में वह आ गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। करंट इतना तेज था कि युवक बुरी तरह झुलस गया और गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला साथी के साथ चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे थे 3 पंजाबी, होटल के पास हुए गिरफ्तार
लोगों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देरी किए घायल युवक को उठाया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान आकाश ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान
आकाश उम्र 22 साल निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आकाश इलाके में पेंट का काम करता था और कुछ दिन पहले ही उसने एक घर में रंग-रोगन का काम शुरू किया था।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा झटका : बिजली उपभोक्ताओं पर थोप दिया फ्यूल चार्ज, आम आदमी परेशान
कम उम्र में परिवार का सहारा छिना
22 साल की छोटी उम्र में आकाश की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जो युवक अपने घर की जिम्मेदारियां निभाने और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर हिमाचल आया था, वह अब कभी वापस नहीं लौट पाएगा। आकाश की मौत की खबर मिलने के बाद उसके गांव और परिवार में मातम का माहौल है। परिजन इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही भवारना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
